News in Brief

Most Ducks in T20I: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच जारी है. छठे मैच में मेजबान श्रीलंका का सामना आयरलैंड से हो रहा है. आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका बिना स्कोरर को परेशान किए शून्य पर पवेलियन लौट गए. उन्हें आयरलैंड के तेज गेंदबाज बैरी मैकार्थी ने आउट किया. जीरो पर आउट होते ही शनाका के नाम एक ऐसा शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे वो चाहकर भी याद नहीं रखना चाहेंगे.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने का अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि शनाका टी20 इंटरनेशनल मैचों में अब तक 16 बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं.

दासुन शनाका के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड

Add Zee News as a Preferred Source

कहते हैं कि कप्तान टीम को रास्ता बताता नहीं बल्कि खुद अपने खेल से रास्ता बनाता है, लेकिन श्रीलंकाई कप्तान तो मानो वो रास्ता ही भूल गए हैं, जहां रन बना सके. दासुन शनाका ने अब तक 125 T20I मुकाबला खेला है. 113 पारियों में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिला और इसमें से 16 बार वो शून्य पर आउट हुए हैं. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अभी तक टी20 इंटरनेशनल में 19.62 की साधारण औसत से खेलते हुए 1747 रन बनाए हैं.

शर्मनाक रिकॉर्ड की लिस्ट में और कौन-कौन?

आयरलैंड के खिलाफ मैच में दासुन शनाका शून्य पर आउट हुए और उन्होंने T20I में सबसे ज्यादा बार जीरो पर पवेलियन लौटने के मामले में रवांडा के खिलाड़ी जैप्पी बिमेनिमाना को पीछे छोड़ दिया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 बार शून्य पर आउट हो चुके हैं. इस शर्मनाक लिस्ट में तीसरे नंबर पर आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग का नाम शामिल है, जो 14 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं. भारत के पूर्व T20I बल्लेबाज और कप्तान रोहित शर्मा भी लिस्ट में 7वें नंबर पर हैं. हिटमैन 151 T20I पारियों में से 12 बार शून्य पर पवेलियन लौटे हैं. टॉप-10 की लिस्ट में रोहित शर्मा इकलौते भारतीय खिलाड़ी हैं. 

ये भी पढ़ें: जहां नजर डालो वहीं भारत… T20 वर्ल्ड कप में भारतीय मूल के 41 खिलाड़ी दिखा रहे जलवा, किस टीम में सबसे ज्यादा?