
Elon Musk on Mail in Voting: अमेरिका में मेल-इन वोटिंग यानी डाक के जरिए मतदान होना चाहिए या नहीं? इस बहस को अमेरिका के अरबपति कारोबारी एलन मस्क के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने फिर तेज कर दिया है. मस्क ने कहा है कि इस तरह की वोटिंग से धोखाधड़ी की काफी गुंजाइश हो सकती है. इसलिए इस प्रथा को काफी हद तक सीमित कर देना चाहिए.
धोखाधड़ी से बचना बेहद जरूरी है- मस्क
असल में यह बहस तब तेज हुई, जब Leading Report नाम के एक्स अकाउंट पर मस्क ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उस पोस्ट में कहा गया था कि विदेश में तैनात सैनिकों या गंभीर रूप से बीमार लोगों को छोड़कर पूरे अमेरिका में डाक के जरिए मतदान के सिस्टम को खत्म कर देना चाहिए.
मस्क ने इस पोस्ट का समर्थन करते हुए उस पर अपना कमेंट किया. उन्होंने लिखा, Critical to avoid fraud यानी कि धोखाधड़ी से बचना बेहद जरूरी है. इस तरह उन्होंने भी डाक के जरिए मतदान की प्रथा को सीमित करने की मांग का काफी हद तक समर्थन कर दिया.
भ्रामक दावों पर नहीं दिया कोई सबूत- विरोधी
उनका यह पोस्ट और रिपोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. उस पर लाखों व्यूज आए सैकड़ों लोगों ने उस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. जहां मस्क के समर्थक डाक के जरिए वोटिंग को बंद करने की मांग का समर्थन कर रहे हैं. वहीं विरोधियों ने कथित भ्रामक दावे करने पर उन्हें लताड़ लगाई. उन्होंने कहा कि इस तरह के दावे पहले भी कई बार सामने आए हैं. लेकिन आज तक कोई भी पुख्ता सबूत पेश नहीं किया जा सका है.
Critical to avoid fraud https://t.co/h0oRKI04pH
— Elon Musk (@elonmusk) February 8, 2026
क्यों बना हुआ है बहस का मुद्दा?
बताते चलें कि अमेरिका में यह मुद्दा काफी दिनों से बहस का केंद्र बना हुआ है. जहां एक पक्ष मेल इन वोटिंग का समर्थन करते हुए उसे मतदान की पहुंच बढ़ाने का साधन मानता है. वहीं विरोधी दावा करते हैं कि इससे वोटिंग में गड़बड़ी की आशंकाएं बढ़ जाती हैं. हालांकि दावों-प्रतिदावों के बावजूद इस मुद्दे का आज तक कोई समाधान नहीं हो पाया है.

