News in Brief

Matheesha Pathirana Injury: टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच चरम पर है. ग्रुप स्टेज खत्म होने वाला है और अब सुपर 8 की जंग होगी, लेकिन इससे पहले ही श्रीलंका की मुश्किल बढ़ चुकी है, क्योंकि टीम के तूफानी बॉलर मथीशा पथिराना बचे हुए मैचों से बाहर हो सकते हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगी चोट को ठीक होने में काफी वक्त लगेगा. वह तीन हफ्तों के लिए मैदान से बाहर रह सकते हैं. हालांकि अभी तक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें लेकर कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनका मैदान पर उतरना मुश्किल है.

मथीशा पथिराना को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. वह अपने पहले ओवर की चौथी गेंद डालने के बाद अचानक मैदान पर गिर पड़े थे. फिर उन्होंने अपना बायां पैर पकड़ लिया और दर्द से कराहते दिखे. तुरंत फिजियो मैदान पर पहुंचे. वह गेंदबाजी करने की हालत में नहीं थे, इसलिए उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया और तीसरे ओवर की बाकी दो गेंदें कप्तान दासुन शनाका ने पूरी की थीं.

कौन ले सकता है पथिराना की जगह?

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो लंका टीम पथिराना की स्कैन रिपोर्ट के इंतजार में है. आशंका है कि वह कम से कम तीन हफ्तों तक मैदान से बाहर रहेंगे. रिपोर्ट में कहा गया है कि उनकी जगह बिनुरा फर्नांडो या दिलशान मधुशंका को टीम में शामिल किया जा सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

अब टीम बुधवार को पथिराना के रिप्लेसमेंट के लिए आधिकारिक रिक्वेस्ट कर सकती है. आईसीसी की टेक्निकल कमेटी की मंजूरी मिलने के बाद ही नए खिलाड़ी की टीम में एंट्री होगी. उनके रिप्लेसमेंट के विकल्प के लिए नुवान तुषारा और मिलन रत्नायके का नाम भी सामने आया है.

केकेआर की भी बढ़ी टेंशन

दाएं हाथ के पथिराना की चोट ने सिर्फ श्रीलंका ही नहीं, बल्कि आईपीएल की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स की टेंशन भी बढ़ा दी है. आईपीएल 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में इस खिलाड़ी को केकेआर ने 18 करोड़ की कीमत में अपने साथ जोड़ा था. मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर पहले ही रिलीज कर चुकी है, जबकि चोटिल हर्षित राणा भी आईपीएल 2026 के कुछ मैच मिस कर सकते हैं. ऐसे में केकेआर तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को लेकर चिंतित हो गई है.

ये भी पढ़ें: 7 मैच, 4 शतक और 949 रन.. रणजी ट्रॉफी में आया अनजान बैटर का तूफान..विराट कोहली के ‘गुरुमंत्र’ ने रातों-रात बनाया सुपरस्टार