Glenn Maxwell Re Signs With Melbourne Stars For Another Two Years in Big Bash League
ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा फैसला लिया है. हाल ही में समाप्त हुए बिग बैश लीग के 15वीं सीजन में वो मेलबर्न स्टार्स का हिस्सा थे. इस साल भी उनकी टीम ट्रॉफी नहीं जीत सकी. ऐसी कयास लगाई जा रही थी कि मैक्सवेल और मेलबर्न स्टार्स का रिश्ता टूट सकता है, लेकिन अब स्टार खिलाड़ी ने इस फ्रेंचाइजी के साथ दो साल का रिश्ता बढ़ा लिया है.
मैक्सवेल ने मेलबर्न स्टार्स के साथ अगले दो साल के लिए फिर से करार किया है. फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी. बीबीएल 2 में स्टार्स से जुड़ने के बाद से, मैक्सवेल ने 123 मैच खेले हैं और 3,193 रन बनाए हैं, जिससे लीग के महानतम खिलाड़ियों में से एक के रूप में उनकी प्रतिष्ठा मजबूत हुई है.
मेलबर्न स्टार्स का साथ नहीं छोड़ेंगे मैक्सवेल
बीबीएल इतिहास में तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले स्टार बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल का यह सीजन चुनौतीपूर्ण रहा, उन्होंने आठ पारियों में केवल 76 रन बनाए और दो विकेट लिए. 37 साल के मैक्सवेल का करार बीबीएल के 15वें सत्र के बाद खत्म हो गया था, लेकिन उन्होंने कहा कि मेलबर्न स्टार्स के साथ बने रहना उनके लिए आसान फैसला था.
मैक्सवेल ने कहा, “मेलबर्न स्टार्स मेरे क्रिकेट करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है और मैं इस टीम की सफलता को लेकर बहुत पैशनेट हूं. मुझे लगता है कि यह मौजूदा ग्रुप कुछ खास करने की तैयारी कर रहा है और मुझे भरोसा है कि हम अगले दो सीजन में टाइटल के लिए मुकाबला करने की स्थिति में हैं. हम इस बात से बहुत खुश हैं कि बीबीएल 16 के लिए हमारी टीम कैसे बन रही है. हमें लगा कि इस सीजन में ग्रुप ने कुछ बड़े कदम आगे बढ़ाए हैं, इसलिए हम उस कोर ग्रुप के फिर से एक साथ आने को लेकर उत्साहित हैं.”
मेलबर्न स्टार्स के T20 हाई परफॉर्मेंस मैनेजर, क्लिंट मैके ने कहा, “ग्लेन जाहिर तौर पर लंबे समय से दुनिया के सबसे अच्छे टी20 खिलाड़ियों में से एक रहे हैं और स्टार्स के प्रति उनकी कमिटमेंट हमारे लिए बहुत कीमती है.”
मेलबर्न स्टार्स ने युवा खिलाड़ी कैंपबेल केलअवे के साथ भी अगले दो साल के लिए करार बढ़ाया है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने इस सीजन सभी 11 मैच खेले और अपने खेल से फैंस को भविष्य की झलक दिखाई. टीम प्रबंधन का कहना है कि कैंपबेल का साथ बने रहना इसलिए जरूरी था क्योंकि वे शीर्ष क्रम में स्थिरता लाते हैं. इस सीजन उन्होंने खुद को साबित किया है और आने वाले कई सालों तक टीम के लिए अहम रन बना सकते हैं.
इसके अलावा टीम युवा खिलाड़ी ऑस्टिन एंलेजर्क को लेकर भी उत्साहित है. बुधवार से बीबीएल का प्लेयर मूवमेंट विंडो खुलने से पहले 20 साल के ऑस्टिन एंलेजर्क ने भी मेलबर्न स्टार्स के साथ एक साल का अतिरिक्त करार कर लिया है. अब बीबीएल क्लब 28 जनवरी से 5 फरवरी तक खिलाड़ियों को ट्रेड कर सकेंगे और एलिजिबल फ्री एजेंट्स को साइन कर सकेंगे.
