T20 World Cup Super 8: क्या पाकिस्तान टीम का टी20 विश्व कप 2026 में सफर खत्म हो गया है? ये सवाल सोशल मीडिया पर तैर रहा है. वजह है पाकिस्तान टीम की भारत के सामने कोलंबो में हुई शर्मनाक हार. इस हार से ना सिर्फ पाकिस्तान टीम की बेइज्जती हुई बल्कि उस पर टी20 विश्व कप 2026 से बाहर होने का खतरा भी मंडराने लगा है. पाकिस्तान टीम अपने पहले दो मैच जीत चुकी थी, लेकिन उसे भारत के सामने 61 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त मिली है. पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस इस बात से डरे हुए हैं कि कहीं टीम का सफर खत्म तो नहीं हो गया?
चूंकि यह पाक की इस विश्व कप में पहली हार थी, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है. सलमान अली आगा की कप्तानी वाली ये टीम अभी भी सुपर 8 में एंट्री कर सकती है, लेकिन इसके लिए अब उसके पास सिर्फ एकमात्र यानी आखिरी मौका है. अगर उस मौके पर उसने चौका नहीं मारा तो फिर बोरिया-बिस्तर बंधना तय है. अब सवाल ये है कि आखिर ये आखिरी मौका क्या है? तो चलिए बेहद आसान भाषा में समझ लेते हैं.
नामीबिया के खिलाफ करो या मरो वाला मैच
ये मौका है 18 तारीख को होने वाला ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला, जो पाकिस्तान को नामीबिया के खिलाफ खेलना है. यह मैच पाक टीम के लिए करो या मरो वाला रहेगा. अगर उसने जीत दर्ज कर ली तो वो सुपर 8 में सीधी एंट्री कर लेगी और हार जाती है तो उसका सफर खत्म होना तय है.
पाक को लगा झटका
दरअसल, 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है. हर ग्रुप में 5 टीमें हैं. सभी ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर 8 में जाएंगी. ग्रुप A में भारत ने लगातार तीन मैच जीतकर 6 अंकों के साथ सुपर 8 में एंट्री कर ली है. इस ग्रुप से दूसरी टीम के लिए पाकिस्तान और अमेरिका दावेदार हैं. पाक टीम अपने तीन में से 2 मैच जीती थी और नंबर 2 पर काबिज थी, लेकिन तीसरे मुकाबले में भारत के खिलाफ मिली हार ने ग्रुप-A की अंक तालिका में उसे नंबर 3 पर खिसका दिया है.
ग्रुप A में दूसरे नंबर पर अमेरिका है, जिसने पहले दो मैच हारे थे, लेकिन आखिरी दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की और 4 अंकों तथा +0.787 के नेट रन रेट के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है. पाक और अमेरिका के अंक एक जैसे हैं, लेकिन नेट रन रेट अमेरिका (-0.403) का बेहतर बताया जा रहा है. अब सुपर 8 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान के पास केवल एक ही रास्ता बचा है, वो है नामीबिया के खिलाफ जीत. 18 तारीख यानी बुधवार यह मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में होना है, जिस पर सबकी नजर रहेगी.
सुपर 8 में कैसे एंट्री मिलती है?
टी20 विश्व कप 2026 में उन्हीं टीमों को सुपर 8 में एंट्री मिलनी है, जो ग्रुप स्टेज में बढ़िया प्रदर्शन करेंगी. ग्रुप स्टेज के चार ग्रुप (A, B, C, D) में से टॉप 2 टीमें सुपर 8 में पहुंचती हैं. ये वही टीमें होती हैं, जो अपने ग्रुप में नंबर 1 और नंबर 2 पर कब्जा करती हैं. सुपर 8 की 8 टीमों को फिर से 2 ग्रुपों में बांटा गया है, ग्रुप 1 और ग्रुप 2. यहां हर टीम अपने ग्रुप की बाकी 3 टीमों के साथ एक-एक मैच खेलेगी. इन दो ग्रुपों में जो भी टॉप 2 टीमें होंगी, वो सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: टीम इंडिया ने रचा ‘प्रचंड’ इतिहास… ऑस्ट्रेलिया का 17 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त, जो कभी नहीं हुआ वो कर दिखाया
