

Tonk : राजस्थान के टोंक जिले (Tonk News) के दतवास पुलिस थाने में देर शाम एक व्यक्ति की मौत के बवाल मच गया. ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगा हंगामा खड़ा कर दिया. थोड़ी ही देर में हंगामा इतना बढ़ गया कि पुलिस थाने के बाहर सैकड़ों की तादाद में ग्रामीण जुट गए और थाने में बैठे जवानों के साथ मारपीट कर दी और पुलिस की गाड़ी (Police Vehicle) को आग लगा दी.
ये भी पढ़ें-टीका की खरीद के लिए गहलोत सरकार निकालेगी ग्लोबल टेंडर, नर्सिंग कर्मियों के पदनाम बदलने को मंजूरी
सूचना मिलते ही निवाई सर्किल ऑफिसर बृजेंद्र सिंह भाटी मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित भीड़ ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ बदसूलकी कर गाड़ी पर पथराव कर दिया. इसी दौरान थाने के कमरे में बैठे एक पुलिस जवान को आक्रोशित भीड़ पकड़कर बाहर घसीट लाई और उसके साथ जमकर मारपीट की. ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिसकर्मियों (Tonk Police) ने पप्पू मीना की पीट पीटकर हत्या कर दी.
इधर घटना की सूचना के बाद भी पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मौके पर नहीं पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा को मौके पर भेजा. जहां आक्रोशित भीड़ से समझाइश की गई, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस थाने के बाहर खड़े एक बोलेरो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया. आक्रोशित लोगों ने बताया कि शराब माफियाओं से मिलीभगत कर पुलिस ने पप्पू को थाने में बंद कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की. जिससे उसके सिर पर लाठी का वार करने से उसकी मौत हो गई.
मामले में एएसआई सूरजसिंह सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हो गया है. युवक की हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ है. निवाई डिप्टी बृजेंद्र सिंह भाटी मामले की जांच कर रहे हैं. वहीं, देर रात तक मचे बवाल के बाद समझाइश हुई. शव को निवाई अस्पताल लाया गया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा.
ये भी पढ़ें-Rajasthan Corona Update: 16,384 नए मामले आए सामने, 164 मरीजों की हुई मौत

