News in Brief

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीरे-धीरे कम होती जा रही है. प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमितों के 1165 नए मामले सामने आए हैं. साथ ही कोरोना से रिकवर होने वाले लोगों का आंकड़ा 2446 रहा. हालांकि इस दौरान 101 की मौत हो गई. प्रदेश में फिलहाल कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 17928 है. 

उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि अब तक 1,66,07,371 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज़ और 36,27,227 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज़ लगी है. वहीं अब तक कुल 2,02,34,558 डोज़ दी जा चुकी है. प्रदेश में 18-44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण भी सभी जिलों में चल रहा है. जिसमें 31,24,260 डोज़ दी जा चुकी हैं. 

चार जिलों में रह गया कोरोना कर्फ्यू
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल के मुताबिक, लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर और गोरखपुर को छोड़कर सभी जिलों से कोरोना कर्फ्यू हटा लिया गया है. इन 4 जिलों में सक्रिय मामले 600 से ज्यादा हैं. जबकि गौतम बुद्ध नगर में कोरोना के सक्रिय मामले 600 से नीचे हैं. हालांकि जिले में शनिवार को कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्‍या 610 थी.

बंदिशों से कुल 71 जिले मुक्त 
कोरोना कर्फ्यू से राहत पाने वाले जिलों में चार और वाराणसी, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और मुजफ्फरनगर के नाम भी जुड़ गए हैं. इस तरह 600 से कम सक्रिय केस होने पर बंदिशों से कुल 71 जिले मुक्त हो चुके हैं और मात्र चार मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर और गोरखपुर जिलों में कोरोना कर्फ्यू रह गया है. इन चार जिलों में कोरोना के 600 से ज्यादा सक्रिय केस रह गए हैं.

WATCH LIVE TV