
नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर भारत पर कहर बनकर टूटी है. इस महामारी के चलते रोजाना 3 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो रहे हैं, जबकि हजारों लोग अपनी जान भी गंवा रहे हैं. खेल जगत में भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने कोरोना के चलते अपने घर वालों को खोया है.
प्रिया पुनिया की मां का हुआ निधन
भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी प्रिया पुनिया (Priya Punia) की मां का भी अब कोरोना वायरस के चलते निधन हो गया है. प्रिया की मां पिछले कुछ समय से कोरोना से संक्रमित थी और अब उन्होंने अपनी मां को खो दिया. अपनी मां के जाने के दुख में इस महिला खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर एक दुख भरा पोस्ट लिखा है.
प्रिया ने लिखा ये मैसेज
अपनी मां के निधन के बाद प्रिया (Priya Punia) ने इंस्टाग्राम पर उनके साथ एक फोटो शेयर करते हुए आंखों में आंसू लाने वाला कैप्शन लिखा है. प्रिया ने लिखा, ‘आज मुझे पता चला कि आपने हमेशा मुझे मजबूत होने के लिए क्यों कहा था. आपको पता था कि एक दिन मुझे आपके जाने पर उस दुख को सहन करने की ताकत की जरूरत पड़ेगी. मुझे तुम्हारी बहुत याद आती है माँ! इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि तुम मुझसे कितना दूर हो मुझे पता है कि तुम हमेशा मेरे साथ हो. मेरी मार्गदर्शक मेरी मां.’
लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की
इस फोटो के कैप्शन के साथ प्रिया ने लोगों से कोरोना के नियमों का पालन करने की भी अपील की. उन्होंने आगे लिखा, ‘कृपया नियमों का पालन करें और सावधानी बरतें. यह वायरस बहुत ज्यादा खतरनाक है.’ प्रिया (Priya Punia) पहली खिलाड़ी नहीं है जिन्होंने कोरोना के चलते अपने घर में किसी को खोया है. प्रिया के अलावा आरपी सिंह और पीयूष चावला ने अपने पिता को कोरोना के चलते खो दिया था. इसके अलावा प्रिया की ही साथी वेदा कृष्णमूर्ति की मां और बहन की भी कोरोना के चलते मौत हो गई थी.
