
लखनऊ: चक्रवात तूफान जाने के बाद भी यूपी में मौसम का मिजाज बदला नहीं है. गुरुवार को राजधानी लखनऊ समेत यूपी के अन्य कई जिलों में मौसम बदला-बदला नजर आया. यहां हवाओं के बाद गरज-चमक के साथ बारिश हुई. इससे मौसम सुहाना बना रहा. साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने लखनऊ समेत 7 जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी. बता दें कि मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में मानसून 21 या 22 जून को दस्तक देगा.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि यूपी के बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया और गाजीपुर व आसपास के जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को तेज हवा चलने के साथ-साथ बारिश हो सकती है. गुरुवार को इन जिलों में बारिश हुई. ऐसे में शुक्रवार यानी 4 जून को भी तेज हवाएं और बारिश होने की पूरी संभावना है.
उत्तराखंड में हो सकती है बारिश
वहीं, वेबसाइट स्काईमेट के अनुसार उत्तराखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
WATCH LIVE TV
