
दुबई: विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (World Test Championship) के फाइनल की जंग भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच 18 जून से साउथम्पटन में शुरू होगी. क्रिकेट फैंस इस घमासान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मुकाबले को लेकर बड़ा ऐलान किया है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड होने वाले फाइनल में अगर मैच ड्रॉ या टाई पर समाप्त होता है तो फिर दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा.
मैच ड्रॉ या टाई होने पर दोनों टीमें बनेगी चैंपियन
विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने इस मैच के लिए जो नियमावली जारी की है उसके अनुसार, ‘ड्रॉ या टाई होने पर दोनों टीमें संयुक्त विजेता मानी जाएगी’.
आईसीसी (ICC) ने कहा, ‘यदि सभी पांचों दिन पूरा खेल होता है और मैच का परिणाम नहीं निकलता है तो ऐसी स्थिति में अतिरिक्त दिन नहीं जोड़ा जाएगा और ऐसी स्थिति में मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया जाएगा. मैच के दौरान समय बर्बाद होने की स्थिति में आईसीसी मैच रेफरी नियमित तौर पर टीमों और मीडिया को बताता रहेगा कि सुरक्षित दिन का उपयोग कैसे किया जा सकता है.
आईसीसी का बड़ा ऐलान
आईसीसी (ICC) ने 18 से 22 जून के बीच होने वाले फाइनल के नियमित दिनों में किसी कारण से समय बर्बाद होने की स्थिति में सुरक्षित दिन की व्यवस्था भी की है. इस तरह से 23 जून सुरक्षित दिन होगा. आईसीसी ने कहा, ‘ये दोनों फैसले जून 2018 में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप शुरू होने से पहले किये गये थे’. सुरक्षित दिन की व्यवस्था पांच दिन का मैच सुनिश्चित करने के लिए किया गया है और इसका उपयोग नियमित पांच दिनों के अंदर बर्बाद समय की भरपाई नहीं हो पाने पर ही किया जाएगा.
सुरक्षित दिन का उपयोग करना है या नहीं इसका अंतिम फैसला पांचवें दिन के आखिरी घंटे का खेल शुरू होने पर किया जाएगा.
ड्यूक गेंदों का किया जाएगा इस्तेमाल
भारत अपने घरेलू मैच एसजी टेस्ट और न्यूजीलैंड कूकाबुरा गेंदों से खेलता है लेकिन फाइनल में ग्रेड वन ड्यूक गेंदों का उपयोग किया जाएगा.
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल के नियमों में तीन बदलाव भी डब्ल्यूटीसी फाइनल का हिस्सा होंगे. इन्हें बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच मौजूदा विश्व कप सुपर लीग श्रृंखला के दौरान लागू किया गया था. इनमें शार्ट रन, खिलाड़ियों की समीक्षा और डीआरएस समीक्षा से जुड़े नियम शामिल हैं.
