News in Brief

बरेली: यूपी के बरेली से बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक शख्स के हाथ-पैर में कील गड़ी हुई थी. शख्स का आरोप था कि मास्क नहीं पहनने की वजह से पुलिस ने उसको यह सजा दी है. लोगों ने तथ्यों की जांच करने की जहमत भी नहीं उठाई और यूपी पुलिस पर कूरता की हदें पार करने का आरोप लगाने लगे. जबकि बरेली पुलस ने इस वाकये को निराधार और षडयंत्र से प्रेरित बताया था.

ट्विटर पर वायरल वीडियो की सच्चाई कुछ और निकली
अब सच सामने आ गया है. खुद आरोप लगाने वाले शख्स ने कैमरे के सामने यह स्वीकार किया है कि पुलिस ने उसके हाथ-पैर में कीलें नहीं ठोकी थीं. गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने यह काम खुद किया था. बरेली पुलिस ने आरोप लगाने वाले शख्स के इस कबूलनामे का वीडियो बनाकर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जारी किया है.  साथ ही झूठा आरोप लगाने और पुलिस को बदनाम करने के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है. 

बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि जोगीनवादा में रहने वाला रंजीत बुधवार को अपनी मां शीला के साथ उनके ऑफिस पहुंचा था. एसएसपी के सामने उसने आरोप लगाया कि 24 मई की रात मास्क न लगाने की वजह से जोगीनवादा चौकी की पुलिस ने उसे पकड़ा और उसके हाथ-पैर में कीलें ठोक दीं. एसएसपी ने मामले की जांच कराई तो सच कुछ निकला. रंजीत एक पुलिसकर्मी से मारपीट करके भागा था, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज है.

रंजीत ने गिरफ्तारी से बचने के लिए साजिश रची, खुद कीलें ठोकी
गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने साजिश रची. जांच में पता चला कि पुलिसकर्मी से मारपीट के बाद रंजीत जोगीनवादा में ही मैसर के जरी कारखाने पहुंचा था. यहां उसने खुद ही अपने हाथ और पैर में कीलें ठोकी. वहां उपस्थित कुछ लोगों ने अपने फोन में इसका फोटो खींच लिया. रंजीत ने जब पुलिस पर कीलें ठोकने का आरोप लगाया तो लोगों ने पुलिस को फोटो मुहैया कराया. पुलिस ने यह फोटो रंजीत को दिखाया तो उसने स्वीकार किया कि खुद अपने हाथ-पैर में कीलें ठुकवाई थीं.

झूठे आरोप लगाकर पुलिस को बदनाम करने के आरोप में कार्रवाई
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक रंजीत ने बताया कि उसने बाएं पैर के अंगूठे और अंगुली में कील फंसाकर अपने हाथ में ठोकी थी. इस पर एसएसपी ने आश्चर्य जताते हुए उससे पूछा कि उसे क्या दर्द नहीं हुआ तो वह बोला, कील मंगवाओ अभी फिर ठोककर दिखा सकता हूं. एसएसपी बरेली ने कहा कि रंजीत ने पुलिस पर निराधार आरोप लगाए, बदनाम किया. उसने खुद ही कीलें ठोकने की बात स्वीकार कर ली है. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

WATCH LIVE TV