News in Brief

WPL 2026: इन दिनों विमेंस प्रीमियर लीग 2026 की धूम है. प्लेऑफ की जंग नजदीक है, इससे ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स टीम को डबल झटका लगा है. दो खिलाड़ी एक साथ पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं. इस सीजन पहले से ही दिल्ली की हालत खराब है और ऊपर से दो खिलाड़ियों की चोट ने टीम की टेंशन बढ़ा दी है. जो खिलाड़ी अब बचे हुए मैच नहीं खेल पाएंगी वो दीया यादव और ममता मदिवाला हैं. ये दोनों चोट के चलते बचे हुए मैचों से बाहर हुई हैं. दोनों के रिप्लेसमेंट का ऐलान भी कर दिया गया है. स्क्वाड में प्रगति सिंह और एडला सृजना को लाया गया है.

दिल्ली की टीम में अचानक शामिल की गईं दोनों खिलाड़ियों को 10 लाख रुपए की बेस प्राइस पर लाया गया है. प्रगति सिंह एक ऑलराउंडर हैं, जो घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए खेलती हैं और इंडिया बी अंडर 19 टीम के लिए खेल चुकी हैं. वहीं सृजना दिल्ली के लिए खेलती हैं. वो पहले नेट बॉलर के रूप में थीं और अब मेन टीम में एंट्री हुई है.

दीया कर चुकी हैं डेब्यू

बचे हुए मैचों से बाहर होने वालीं दीया ने पिछले दिनों मुंबई इंडियंस के खिलाफ डेब्यू किया था, लेकिन उनकी बैटिंग नहीं आई थी और ना ही गेंदबाजी मिली थी. वो इस लीग में डेब्यू करने वालीं सबसे यंग खिलाड़ी हैं, जबकि ममता बिना डेब्यू के ही बाहर हो गईं.

Add Zee News as a Preferred Source

इस सीजन कैसा रहा दिल्ली का प्रदर्शन?

दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन 5 मैच खेल चुकी है और 3 हार के साथ प्वाइंट टेबल में नंबर 4 पर है. उसके पास 4 ही अंक हैं. दिल्ली को अगला मैच आज यानी 24 जनवरी को आरसीबी के खिलाफ खेलना है. ये मैच बेहद अहम है. अगर दिल्ली को प्लेऑफ में जाना है तो यहां जीत दर्ज करना बेहद जरूरी है. वहीं आरसीबी 5 मैच जीतकर प्वाइंट टेबल में नंबर 1 पर है और प्लेऑफ के लिए पहले ही जगह पक्की कर चुकी है.

प्लेऑफ में जा पाएगी दिल्ली की टीम?

दिल्ली की टीम ने पिछले तीनों सीजन फाइनल खेला था, लेकिन इस बार उसका प्रदर्शन निराश करने वाला है. 5 मैच खेलने के बाद अब उसके पास 3 बचे हैं. अगर वो तीनों मैच जीतेगी तो प्लेऑफ में एंट्री कर सकती है, एक हार उसको बड़ा झटका दे सकती है.

WPL 2026 के लिए दिल्ली की टीम

शेफाली वर्मा, लिजेल ली, लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स, मैरिजेन कप्प, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, लूसी हैमिल्टन, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, मिन्नू मणि, तानिया भाटिया, अलाना किंग, चिनेल हेनरी, प्रगति सिंह, एडला सृजना.

ये भी पढ़ें: ‘हम कोई कसर नहीं’….T20 WC 2026 से पहले सूर्या ने विरोधियों को डराया, इस बयान से मचाई खलबली