News in Brief

WPL 2026 Gujarat Giants vs Delhi Capitals:  गुजरात जाएंट्स को हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया. उसने मंगलवार (3 फरवरी) को एलिमिनेटर मैच में गुजरात को 7 विकेट से हरा दिया. गुजरात ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 168 रन बनाए.  जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवरों में 3 विकेट पर 169 रन बनाकर मैच को जीत लिया. दिल्ली की टीम रिकॉर्ड चौथी बार फाइनल में खेलेगी. उसे पिछले तीन मौकों पर मुंबई इंडियंस (2 बार) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (1 बार) ने हराया. जेमिमा रोड्रिग्ज की कप्तानी में इस बार फाइनल में हार के क्रम को तोड़कर आरसीबी से 2024 के खिताबी मुकाबले में मिली शिकस्त का बदला लेने के लिए उतरेगी. खिताबी मैच 5 फरवरी को खेला जाएगा.

दिल्ली के सामने अब बड़ी चुनौती

दिल्ली को अब अगर पहली बार खिताब जीतना है तो उसे आरसीबी की मजबूत टीम को हराना होगा. आरसीबी ने लीग राउंड में 8 में से 6 मैच जीते थे. हालांकि, दोनों टीमों के बीच हुए पिछले मैच में दिल्ली को जीत मिली थी. दूसरी ओर, गुजरात का पहली बार फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया. बता दें कि लीग में पहले स्थान पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाती है. ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डायरेक्ट फाइनल में एंट्री मारी थी. मुंबई इंडियंस पहली बार खिताबी मुकाबले में नजर नहीं आएगी. वहीं, यूपी वॉरियर्स भी क्वालीफाई नहीं कर पाई. दोनों टीमें क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रहीं.

Add Zee News as a Preferred Source

ये भी पढ़ें: T20 World Cup: ‘कैप्टन डे’ पर आमने-सामने होंगे सूर्यकुमार और सलमान अली आगा? ICC इतिहास में पहली बार होगा ऐसा

बेथ मूनी ने गुजरात को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया

वडोदरा में खेले गए एलिमिनेटर मैच में टॉस गंवाकर बल्लबाजी के लिए उतरी गुजरात जाएंट्स ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 168 रन बनाए. इस टीम ने 59 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जहां से सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ पांचवें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. वेयरहैम 25 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मूनी ने मोर्चा संभाले रखा. उन्होंने 51 गेंदों में 6 चौकों के साथ 62 रन की नाबाद पारी खेली. काश्वी गौतम ने 10 गेंदों में 3 चौकों के साथ 18 रन जुटाए. दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से चिनले हैनरी ने 35 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए.

ये भी पढ़ें: PSL 2026: IPL में अनसोल्ड, टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर… अब ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज को मिला पाकिस्तान का सहारा

दिल्ली की तूफानी बैटिंग

इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 15.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम को लिजेल ली और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई. सलामी जोड़ी ने 7.1 ओवरों में 89 रन जोड़े. लिजेल ली 24 गेंदों में 1 छक्के और 8 चौकों की मदद से 43 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शेफाली ने 21 गेंदों में 7 चौकों के साथ 31 रन जुटाए. कैपिटल्स 92 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी. यहां से कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 68 रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया. जेमिमा ने 23 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों के साथ 41 रन बनाए, जबकि वोल्वार्ड्ट ने 24 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ नाबाद 32 रन बनाए. गुजरात के लिए जॉर्जिया ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए. जेमिमा को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया.