
Shahid Afridi vs Shadab Khan: पाकिस्तान क्रिकेट में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान एक बड़ी जंग देखने को मिल रही है. हमेशा विवादों में रहने के लिए मशहूर देश में जूनियर और सीनियर खिलाड़ी आपस में भिड़ गए हैं. पाकिस्तान के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक शाहिद अफरीदी अपने कुछ साथियों की बुराई से खुश नहीं हैं. इसके लिए उन्होंने मौजूदा टीम के सदस्य शादाब खान पर अपना गुस्सा निकाला है. शादाब ने नामीबिया के खिलाफ जीत के बाद कुछ ऐसा कह दिया है, जिससे सभी पुराने खिलाड़ी नाराज हो गए हैं.
शादाब और अफरीदी आमने-सामने
टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कई पूर्व खिलाड़ियों ने शादाब की टीम में जगह पर सवाल उठाए थे. इसके बाद पाकिस्तान का यह ऑलराउंडर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भड़क उठा और पलटवार करते हुए कहा कि कम से कम वह उस पाकिस्तान टीम का हिस्सा तो थे जिसने आईसीसी इवेंट्स में एक बार भारत को हराया था, जो पिछली पीढ़ी हासिल करने में नाकाम रही थी. उनके इस बयान से पूर्व कप्तान अफरीदी खुश नहीं दिखे.
लाइव शो में भड़के अफरीदी
एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल पर बात करते हुए अफरीदी ने कहा कि 2021 टी20 वर्ल्ड कप में भारत को हराने वाली पाकिस्तान टीम अपनी मिली सफलता को संभाल नहीं पाई. उन्होंने समा टीवी पर कहा, ”शादाब ने बिल्कुल ठीक कहा. हम नहीं जीते, वो जीते. उन्हें इज्जत मिली पर वो इज्जत संभल नहीं पाए. 2021 के बाद उन्होंने जब कर दिया, तब उनके आपसी दिक्कतें संभल नहीं पाईं, एक व्यक्ति के तौर पर संभल नहीं पाए, एक टीम के तौर पर संभल नहीं पाए.”
ये भी पढ़ें: मुकद्दर का सिकंदर… टी20 वर्ल्ड कप में ‘अंडरडॉग’, हारने का नाम नहीं ले रही ये जॉइंट किलर टीम
अफरीदी ने दिया था शादाब का साथ
अफरीदी ने यह भी बताया कि जब टीम में ऑलराउंडर की जगह पर सवाल उठ रहे थे, तब उन्होंने शादाब का साथ दिया था, लेकिन लगता है शादाब अब यह भूल गए हैं. पूर्व कप्तान ने आगे कहा, ”शादाब को यह भी पता होना चाहिए कि जब उससे परफॉर्मेंस नहीं हो रही थी, तब टीम से बाहर किया जा रहा था, हम ही टीवी चैनल्स पर बैठकर बोलते थे कि शादाब बैकबोन है. शादाब के ओवर्स बहुत इंपॉर्टेंट हैं, बैटिंग भी कर लेता है. सच कहूं तो, शादाब बहुत अच्छा लड़का है. बहुत अच्छे से सबसे मिलता है.”
Shahid Afridi on Shadab Khan’s statement about Ex-cricketers.
“Shadab is right, we didn’t win against India in WC, they won in 2021. They received respect, but they couldn’t uphold it”.
pic.twitter.com/jEyXywv7cC
— Salman. (@TsMeSalman) February 19, 2026
हमने उनको बर्दाश्त किया: अफरीदी
पाकिस्तान कुछ खराब परफॉर्मेंस के बावजूद टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रहा. अफरीदी ने शादाब को याद दिलाया कि उनका एकमात्र खास योगदान नामीबिया के खिलाफ था, जबकि आगे और भी मुश्किलें हैं. अफरीदी ने कहा, ”हम भी जब क्रिकेट खेलते थे, हमारे बारे में भी बहुत बातें की हैं एक्स-क्रिकेटर्स ने. लानत है तक बोला गया था. हमने उनको बर्दाश्त किया और परफॉर्मेंस की, छोटी टीम के खिलाफ नहीं, बड़ी टीम के खिलाफ. हम परफॉर्मेंस से जवाब देते थे.”
ये भी पढ़ें: Explained: क्या है टीम इंडिया की कमजोरी, सुपर-8 में सूर्या की सेना पर ‘ग्रहण’, कैसे फंसे गौतम गंभीर?
‘बेटा परफॉर्म करो’
अफरीदी ने कहा, ”शादाब मियां, आपकी परफॉर्मेंस भी नामीबिया के खिलाफ थी. आप न्यूजीलैंड के खिलाफ करें. बेटा परफॉर्म करो. मुश्किल वक्त में हम आपके साथ खड़े रहे. आपने एग्रेसिव क्रिकेट नहीं खेली, उसके जवाब आप पाकिस्तान टीम में आ गए. परफॉर्मेंस करके हमें जवाब दो ताकि हम भी खामोश हो जाएं. परफॉर्म करो, वर्ल्ड कप खत्म हो जाए, हम खुद खामोश हो जाएंगे बेटा जी.”

