News in Brief

Bharatpur : मुख्य सचेतक एवं जिला प्रभारी महेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आपसी समन्वय से पीड़ित मानवता एवं गरीबों का इस महामारी की अवधि में भरपूर सहयोग करने का प्रयास किया जा रहा है. खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) दिन रात 24 घंटे इसको लेकर काम कर रहे हैं.

ऑक्सीजन, वैक्सीन दवाओं सब पर केंद्र सरकार का अधिग्रहण है फिर भी राजस्थान सरकार का प्रबंधन देश में सबसे अच्छा है. तीसरी लहर से निपटने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है. बच्चों को इस महामारी से बचाने के लिए सभी ज़रूरी इंतज़ाम किए जा रहे हैं. यही नहीं पूरी पारदर्शिता के साथ इस महामारी में सरकार काम कर रही है. 

यह भी पढ़ें- CM Gehlot का बड़ा बयान, सभी के लिए हो Vaccine का इंतजाम, नहीं तो हालात होंगे बदतर

जोशी (Mahesh Joshi ) ने विपक्ष के आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है क़ि सरकार कोई आंकड़े नहीं छुपा रही है. जोशी मंगलवार को भरतपुर सर्किट हाउस (Bharatpur News) में जिला स्तरीय अधिकारियों से कोविड-19 महामारी संक्रमण के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए किये गये प्रयासों की समीक्षा करने के पश्चात मीडिया से रूबरू हो रहे थे.

जोशी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिला प्रशासन के माध्यम से सम्पूर्ण राज्य में कोविड-19 की दूसरी लहर का बेहतर प्रबंधन के माध्यम से कोविड संक्रमितों का उपचार कर मृत्युदर को न्यूनतम स्तर पर रखा गया तथा कोविड संक्रमितों के उपचार के लिए राज्य सरकार द्वारा किसी भी स्तर पर ऑक्सीजन की कमी नहीं आने दी साथ ही कोविड-19 संक्रमण के उपचार की व्यवस्थाऐं जिला मुख्यालय के चिकित्सा संस्थानों से लेकर ग्रामीण स्तरी की सीएचसी तक विकसित की गयीं, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार उपलब्ध होने के कारण संक्रमितों की रिकवरी दर में भी वृद्धि हुई है. 

उन्होंने कहा कि भरतपुर मुख्यालय पर आरबीएम चिकित्सालय में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांटों के साथ ही समस्त सीएचसी मुख्यालयों पर भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने की कार्यवाही की जा रही है. उन्होंने आमजन से अपील की कि वे मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अपना पंजीयन अवश्य करायें जिससे उनको स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल सके. उन्होंने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित कोविड वाॅरियरों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन लोगों के सजग प्रयासों से ही कोविड-19 की महामारी पर नियंत्रण पाने में सफल हुए हैं.

उन्होंने कहा कि महामारी की तीसरी लहर की आशंका को मद्देनजर रखते हुए राज्य सरकार द्वारा राज्य स्तर, जिला स्तर एवं उपखण्ड स्तर पर चिकित्सा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृण किया जा रहा है एवं बच्चों को कोरोना से बचाने की तैयारियों की ओर पूरा ध्यान दिया जा रहा है. 

उन्होंने ब्लैक फंगस महामारी के उपचार के सम्बंध में कहा कि इस महामारी के उपचार के लिए चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों के अनुसार ब्लैक फंगस का इलाज सुनिश्चित कर अधिक से अधिक लोगों को इस महामारी से बचाव किया जा सके. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कभी भी यह मंशा नहीं रही है कि आमजन से कोई तथ्य छिपाया जाये, सरकार सदैव ही पारदर्शिता की नीति पर कार्य करती रही है.

इस अवसर पर जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता, जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर केके गोयल, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदिता राणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. कप्तान सिंह, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डाॅ. जिज्ञासा साहनी, पुलिस उपाधीक्षक सतीश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

रिपोर्ट : देवेंद्र सिंह

यह भी पढ़ें- Corona की दूसर लहर में किस उम्र के लोग हुए सबसे ज्यादा प्रभावित! पढ़ें पूरी Report