
Suryakumar Yadav Records: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की शुरुआत जीत से हुई है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भले ही भारत ने अमेरिका को 29 रनों हरा दिया, लेकिन जिन लोगों ने पूरा मैच देखा होगा, उन्हें पता है कि ये जीत इतनी आसानी से नहीं मिली है. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया बुरी तरह फंस गई थी. स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 77 रन थे और 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे. ऐसा लगा कि भारत बड़े उलटफेर का शिकार हो जाएगा, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने दुनिया को दिखा दिया कि आखिर असली कप्तानी पारी किसे कहते हैं.
अमेरिका के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया के संकटमोचक साबित हुए और उन्होंने 49 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेली. इस स्पेशल प्रदर्शन के लिए सूर्या को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला. इसके साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व T20I बल्लेबाज विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.
कोहली को पछाड़, सूर्या ने बनाया धांसू रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव ने 30 साल की उम्र में भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था. अब 5 साल बाद यानी 35 की उम्र में उन्होंने वो कारनामा कर दिखाया है, जिसके आगे निकलना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान नहीं होगा. सूर्यकुमार यादव अब T20I में भारत की तरफ से सबसे अधिक ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया. दिलचस्प बात ये है कि कोहली ने 125 मैचों में 16 ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीते थे, जबकि सूर्या ने 105 मैचों में ही 17 POTM अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया. इस स्पेशल लिस्ट में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने T20I करियर में 14 बार ये अवॉर्ड जीता.
T20I में सर्वाधिक POTM पुरस्कार (भारत)
17- सूर्यकुमार यादव (105 मैच)
16- विराट कोहली (125 मैच)
14- रोहित शर्मा (159 मैच)
8- अक्षर पटेल (88 मैच)
— BCCI (@BCCI) February 7, 2026
सूर्या ने टीम इंडिया को संकट से निकाला
सूर्यकुमार यादव की ये पारी भारतीय फैंस की दिलों में हमेशा ताजा रहेगी, क्योंकि अमेरिका के खिलाफ मैच में टीम इंडिया संकट में थी और हार का डर सता रहा था. भारत ने 77 रन पर 6 विकेट खो दिए थे. इसके बाद सूर्या ने ना सिर्फ समझदारी से बल्लेबाजी की, बल्कि आखिरी ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाते हुए भारत को एक मजबूत टोटल तक पहुंचा दिया. भारतीय कप्तान ने 84 रनों की पारी के दौरान 10 चौके और 4 छक्के जड़े. उनकी इस इनिंग के दम पर टीम इंडिया ने 161 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में अमेरिकी टीम 8 विकेट खोकर 132 रन बना सकी.
ये भी पढ़ें: सूर्या के तूफान में बाबर आजम का बड़ा रिकॉर्ड स्वाहा… अमेरिका की पिटाई कर तोड़ा पाकिस्तान का घमंड

