

नोएडा: यूपी में कोरोना का कहर अभी खत्म नहीं हुआ है. कोरोना के खिलाफ चल रही जंग को जीतने के लिए शासन-प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं. इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए प्रदेश भर में तरह-तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं. इसके जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वो सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें.
इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग बनाएं. मास्क जरूर लगाएं और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें. इसी कड़ी में पुलिस विभाग की ओर से नियमों का पालन न करने वालों के चालान काटे गए हैं. इसी बीच नोएडा से एक मामला सामने आया है. जहां ड्यूटी के दौरान सही से मास्क न लगाने पर एसीपी ने एक हेड कॉन्सटेबल का चालान काटा. नोएडा पुलिस ने ऐसा करके एक सराहनीय उदाहरण पेश किया है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के निर्देशानुसार कोविड -19 गाइडलाइन्स/प्रोटोकॉल के अनुपालन कराने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाये जा रहे हैं. नियमों का पालन न करने वालों को दण्डित भी किया जा रहा है. रविवार को अभियान के तहत ड्यूटी पर मुख्य आरक्षी मनोज कुमार तैनात थे. इसी दौरान उन्होंने सही तरीके से मास्क नहीं लगाया था. इस पर मौके पर मौजूद सहायक पुलिस आयुक्त सेन्ट्रल नोएडा अब्दुल कादिर ने कार्रवाई करते हुए हेड कॉन्सटेबल का 1 हज़ार का चालान काट दिया.
ये भी पढ़ें- कोरोना पर काबू पा रहा UP! 24 घंटे में 1,497 नए मामले, 5491 लोगों ने जीती जंग
नियम सभी के लिए एक हैं- आलोक सिंह
वहीं, अपने ही विभाग के कर्मचारी के चालान काटने पर पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन केवल नागरिकों के लिए ही नहीं बल्कि पुलिसकर्मियों के लिए भी आवश्यक है. जो भी इसका उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के मीडिया सेल की ओर से भी ये कहा गया है कि अगर कोई भी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो पुलिस द्वारा दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी. फिर वो चाहे उनके स्टाफ का ही सदस्य क्यों न हो.
ये भी देखें- कार के अंदर बैठे इस गाय के बच्चे का Cute वीडियो देख, बन जाएगा आपका दिन
ये भी देखें- Viral Video: शख्स ने एक साथ चलाईं 5 साइकिल, जुगाड़ देखकर हैरान रह गए यूजर्स
WATCH LIVE TV

