T20 World Cup 2026: भारत ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में पाकिस्तान को 61 रन से बुरी तरह हरा दिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली है. इस महामुकाबले के दौरान ICC चेयरमैन जय शाह समेत कई देशों के टॉप क्रिकेट अधिकारी मौजूद थे. विवादों से घिरे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी भी इस मैच के दौरान मौजूद थे. भारत के हाथों पाकिस्तान की करारी हार के डर से पहले ही मोहसिन नकवी ने शर्मिंदा होकर स्टेडियम छोड़ दिया.
पाकिस्तान की पिटाई देख शर्मिंदा हुए मोहसिन नकवी
PTI द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में मोहसिन नकवी की कार मैच पूरा होने से पहले ही आर प्रेमदासा स्टेडियम से निकलती हुई देखी गई. बता दें कि पाकिस्तान सरकार और PCB ने 8 दिन तक यह कहते हुए ड्रामा किया था कि वे मैच का बॉयकॉट करेंगे, लेकिन बाद में वह अपने बयान से पीछे हट गए. मोहसिन नकवी T20 वर्ल्ड कप 2026 टूर्नामेंट से पहले ही बवाल के सेंटर में रहे हैं. मोहसिन नकवी ने पहले बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप 2026 से हटाए जाने के बाद पाकिस्तान के हिस्सा लेने पर सवाल उठाए थे. फिर उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान का स्टैंड उनके लिए सम्मान पक्का करने के लिए था.
(@PTI_News) February 15, 2026
भारत की जीत के बाद स्टेडियम से मुंह छिपाकर भागे
ICC के साथ बातचीत के बाद पाकिस्तान ने अपना रुख बदला और कोलंबो के मैदान पर उतरा. पाकिस्तान को भारत के खिलाफ इस मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान की करारी हार के बाद मोहसिन नकवी मुंह छिपाकर स्टेडियम से भागते हुए नजर आए. बता दें कि भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से रौंदा. टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत के साथ भारत ने सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है. भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज की थी, जिसके बाद नामीबिया को 93 रन से रौंदा. अब भारतीय टीम नीदरलैंड के खिलाफ 18 फरवरी को अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी.
सईम अयूब ने 3 विकेट झटके
रविवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए. पाकिस्तान की तरफ से सईम अयूब ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक ने 1-1 विकेट निकाला. इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में 114 रन पर सिमट गई. भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 शिकार किया.
