

Jaisalmer: शहर के विश्वविख्यात पर्यटन स्थल गड़ीसर तालाब (Gadisar Pond) को विकसित करने की कवायद शुरू हो चुकी है, जिसके चलते नगरपरिषद ने 72 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वायत्त शासन विभाग (Self-governance unit) को भेजी थी, जिसमें से 25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है.
यह भी पढ़ें- Barmer: BSF के हत्थे चढ़े प्रेमी युगल,सीमा पार कर पाकिस्तान जाने की फिराक में थे
बताया जा रहा है कि जल्द ही नगर परिषद टेंडर जारी कर तालाब के जीर्णोद्धार के साथ सौंदर्यीकरण (Beautification) का काम शुरू कर देगी. लंबे इंतजार के बाद गड़ीसर का कायाकल्प होने के साथ सूरत ही बदल जाएगी.
यह भी पढ़ें- भूपेंद्र वासु ने किया कमाल, देश में किया मरुधरा का नाम रौशन
पश्चिमी राजस्थान (Western Rajasthan) में रेत के समंदर के बीच स्थित जैसलमेर का गड़ीसर तालाब किसी जमाने में शहर समेत आस-पास के गांवों के लिए एकमात्र जीवनदायी जलस्त्रोत था. वहीं, अब ये पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी किसी जीवनदायी से कम नहीं है. ये स्वर्णनगरी आने वाले पर्यटकों की पहली पसंद बन चुका है. इसी वजह से हर साल करीब 7-8 लाख सैलानी गड़ीसर भ्रमण के लिए पहुंचते हैं. अब गड़ीसर तालाब के सौंदर्य ने पर्यटकों के मन में अपनी अलग छाप छोड़ दी है, जिसके कारण भ्रमण पर आने वाला ऐसा कोई सैलानी नहीं होगा, जो गड़ीसर को निहारने नहीं आया हो.
आने वाले पर्यटक लेकर जाएंगे एक अच्छा संदेश
देश या विदेश हर तरह के पर्यटक गड़ीसर को निहारे बिना नहीं जाते हैं लेकिन वहां पसरी गन्दगी और लड़खड़ाती सफाई व्यवस्था को देख पर्यटक खासे चिंतित भी होते थे, लेकिन अब सरकार द्वारा इसके संरक्षण को लेकर जो प्रयास किए जा रहे है, जो बजट जारी किया गया है, इससे सभी शहरवासियों और पर्यटन से जुड़े लोगो को आशा है कि अब इस आलम से निजात मिल सकेगी और आने वाले पर्यटक एक अच्छा सन्देश लेकर जाएंगे.
अभी जारी नहीं हुई अधिसूचना
राज्य सरकार द्वारा जारी 25 करोड़ रुपये के बजट से गड़ीसर का कायाकल्प तो होगा लेकिन सौंदर्यीकरण को लेकर क्या-क्या काम होने हैं, इसकी अधिसूचना अभी तक जारी नहीं हुई है. आगामी कुछ दिनों में अधिसूचना जारी होने के बाद सौंदर्यीकरण को लेकर जो काम किए जाने हैं, इसकी सूची भी सामने आ जाएगी.
गड़ीसर के सौंदर्यीकरण का प्रयास कर रही
करीब डेढ़ साल पहले नगर परिषद द्वारा गड़ीसर तालाब के चारों ओर ट्रैक बनाने का काम शुरू किया गया था. इसके तहत नगर परिषद द्वारा गड़ीसर की पाल को समतल करने के साथ ही लगे पौधे हटा दिए गए थे, जिससे विवाद हो गया था. इसके बाद लोगों ने विरोध किया था. वहीं, हाईकोर्ट में इस संबंध में परिवाद भी दायर किया गया था, जिस पर हाईकोर्ट द्वारा स्टे लगा दिया गया था, इसके बाद से अब तक काम अटका हुआ है लेकिन अब सरकार नए सिरे से गड़ीसर के सौंदर्यीकरण का प्रयास कर रही है.
बॉलीवुड के निर्देशकों की भी पसंद जैसलमेर का गड़ीसर तालाब
जैसलमेर का गड़ीसर तालाब बॉलीवुड के निर्देशकों की भी पसंद है. जैसलमेर में आने वाली शूटिंग टीम गड़ीसर पर फिल्मांकन जरूर करती है. ऐसे में अब गड़ीसर का सौंदर्य निखरने के बाद इसमें और तेजी आएगी. इसके साथ ही यहां आने वाले सैलानियों के लिए भी गड़ीसर में नई सुविधाओं के साथ उन्हें नया गड़ीसर देखने को मिलेगा.
Reporter- Shankar Dan

