News in Brief

Begusarai: बेगूसराय सदर के भाजपा विधायक कुंदन कुमार सिंह (Kundan Kumar Singh) का बुडको कंपनी के अधिकारियों को गुस्से में फटकार लगाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में विधायक अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाते हुए नजर आ रहे हैं.

दरअसल, शहर में बुडको कंपनी के द्वारा नल-जल योजना, सीवरेज योजना और नमामि योजना के लिए पाइप बिछाई जा रही हैं, इसके चलते साल भर से कई मोहल्ले में सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है. सड़कों को खोदकर छोड़ देने से बरसात के दिनों में लोगों को काफी फजीहत होती है. इसी क्रम में विधायक कुंदन कुमार सिंह मंगलवार को मोहल्लों का निरीक्षण करने पहुंचे थे. जहां सड़कों के हालात देखकर उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई.

वायरल वीडियो में कुंदन कुमार सिंह कह रहे हैं कि ‘तुम्हारे पिताजी की जमीनदारी नहीं है की साल भर से सड़कों को खोद कर छोड़ दिया है.’ इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने आगे अधिकारियों पर बरसते हुए कहा कि ‘क्या चाहते हो कि अब हम बीच सड़क पर खींच-खींच कर मारना शुरू कर दें. हम अपना असली रूप तुम को दिखाना नहीं चाहते, पर लगता है कि तुम लोग वही देखना चाहते हो. आप लोगों को शर्म नहीं आती, इस तरह सड़कों को खोद-खोदकर छोड़ दिया है.’

ये भी पढ़ें- गर्मी में तरबूज ने किसानों का उतारा पसीना, लागत मूल्य भी नहीं मिलने से मुश्किल हुआ जीना!

वहीं, इस मामले पर विधायक कुंदन कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि वे जनता की आवाज हैं. अगर कोई अधिकारी लापरवाही बरतेगा या काम नहीं करेगा तो उन्हें डांट-फटकार भी लगेगी. 

उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह से योजनाओं के नाम पर सड़कों को खोद-खोदकर छोड़ दिया गया है, उससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि ‘जनता की परेशानी को लेकर वह चुप नहीं रह सकते. अधिकारी लापरवाही करेंगे तो उन्हें डांट-फटकार जरूर लगेगी और इससे ज्यादा लगेगी.’

कुंदन कुमार ने कहा कि अभी उन्होंने अधिकारियों को समझाया है अगर इसके बाद भी काम पूरा नहीं होगा तो वह जनता के साथ सड़कों पर भी उतरेंगे. विधायक ने कहा कि लापरवाही करने वाले को वह किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे.