News in Brief

Bettiah: पश्चिम चंपारण जिला के जीएमसीएच में आज फिर एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है.अस्पताल में एक शख्स के पिता की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई. मौत के बाद शव को घर ले जाने से पहले कोविड प्रोटोकॉल के तहत पैक करने जब कोई कर्मी नहीं आया और अस्पताल के किसी कर्मचारी ने सुध नहीं ली तो अंत में मृतक की पुत्री व पुत्र ने खुद पीपीई किट पहनकर अपने मृतक पिता का शव पैक किया.

शव करीब 5 घंटे तक अस्पताल में पड़ा रहा. परिजनों ने इस दौरान अस्पताल के कई कर्मचारी को इस बारे में जानकारी दी और जल्द शव पैक कराने का आग्रह किया. अंत में शव को पैक करने के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा किसी तरह की हलचल न देख मृतक के परिजनों ने खुद ही शव पैक किया. इसी अस्पताल में कुछ दिनों पहले पहुंचे सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायवाल ने क्षेत्र के लोगों को हर संभव मदद देने की बात कही थी. 

अब अस्पताल से जो तस्वीर जब सामने आई वह स्वास्थ्य विभाग के सभी दावों का पोल को खोल रहा है. दरसल, बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में बेतिया के मनसा टोला के रहने वाले पेशे से ड्राइवर फखरूजमा की मौत के बाद यह खबर सामने आई है. 

ये भी पढ़ें- बिहार: सदन में अपना कुर्ता फाड़ने वाले MLA अजित सरकार, जिनकी हत्या मामले में जेल गए थे पप्पू यादव

शव को कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार परिजनों को सौंपने की मांग मृतक की पुत्री व पुत्र कर रहे थे. अस्पताल में मृतक की पुत्री रेशमा परवीन, पत्नी और पुत्र मो शुबू मौजूद थे. कई घंटों के बाद भी कोई सुगबुगाहट नही देख अंत में रेशमा परवीन जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए कंट्रोल व कमांड रूम में पहुंची.

वहां शिकायत दर्ज कराने के बाद अस्पताल कर्मियों ने उसे पीपीई किट उपलब्ध कराया. इस बाद मृतक की बेटी ने अपने भाई के सहयोग से पिता के शव को पैक किया और एंबुलेंस से लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने घर गई. परिजनों ने शव को कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया. वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ प्रमोद तिवारी ने इस मामले में कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से इंकार किया. 
(इनपुट- इमरान)