
Patna: बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार में कमी आने के बाद भी राज्य सरकार अलर्ट मोड में है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बुधवार को विभाग में टीकाकरण की गति को तेज करने हेतु अपर मुख्य सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की है.
बैठक के बाद पांडेय ने बताया कि 18 से 45 वर्ष तक लोगों के लिए जिलों को टीका उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे कि टीकाकरण का कार्य तेजी से हो सके.राज्य में अभी तक एक करोड़ छह लाख कोरोना टीका का डोज लोगों को दिया जा चुका है.
वहीं, टीकाकरण की गति को तेज करने और टीका की पहुंच को लोगों तक सुलभ बनाने हेतु राज्य के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में 121 कोरोना टीका एक्सप्रेस गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा रवाना किया जायेगा.
पटना में 36 गाड़ियां शहर के विभिन्न मोहल्लों में जाकर 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीका देने का कार्य करेगी. पांडेय ने बताया कि विशेष तौर पर जिन लोगों को कोरोना टीका का दूसरा डोज लेने का समय आ गया है, वैसे लोगों को खास कर इस अभियान के माध्यम से टीकाकरण किया जायेगा.
ये भी पढ़ें- सावधान! फर्जी CBI अधिकारी बनकर कर रहा था ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
साथ ही 18 वर्ष लेकर 45 वर्ष तक के लोगों को भी इस अभियान के तहत टीका दिया जाएगा, जिससे कि टीकाकरण की गति को तेजी मिल सके. स्वास्थ्य विभाग इस लक्ष्य के साथ टीकाकरण के कार्य को आगे बढ़ा रहा है कि इस वर्ष के अंत तक सभी पात्र लोगों को टीकाकृत कर दिया जाय.
पांडेय ने बताया कि मोबाइल आरटीपीसीआर वैन से कोरोना जांच की संख्या को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाने के लिए तीन और गाड़ियां उपलब्ध हो गई है. इन गाड़ियों को भी माननीय मुख्यमंत्री के द्वारा टीका एक्सप्रेस के साथ रवाना किया जायेगा. इसके अतिरिक्त ऐसे और पांच मोबाइल आरटी पीसीआर वैन अगले 10 दिनों के अंदर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जायेगा.
