
Barh: बाढ़ अनुमंडल के शकसोहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दल्लो चक गांव में रविवार की सुबह पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने के बाद पत्नी ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर में बंद होकर आग लगा ली.
हादसे में पत्नी रानी देवी और उसका 6 माह का बेटा अंकुश कुमार गंभीर रूप से जल गया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई. वहीं, इस घटना में 2 वर्ष का बेटा विकास कुमार भी बुरी तरह से जल गया है. घटना की सूचना पर पहुंचे महिला के मायके वाले गंभीर रूप से जले बच्चे को लेकर बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. अस्पताल में बच्चे का इलाज चल रहा है.
वहीं, पत्नी की मौत हो जाने के बाद लाश को ठिकाने लगाने की नियत से पति और उसके कुछ सहयोगी लाश लेकर घर से निकले लेकिन सहरी और राणा बीघा पंचायत को जाने वाली रास्ते पर ही शव को फेंक कर सभी लोग भाग गए. स्थानीय लोगों के द्वारा इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई जिसके बाद पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पति की तलाश में जुट गई है.
ये भी पढ़ें- Bettiah में 18 कोरोना संक्रमितों की मौत, कोविड महामारी से सहमे लोग
जानकारी के अनुसार, पति मौली चौधरी अभी फरार चल रहा है. जानकारी के अनुसार, सुबह पति काम के लिए घर से निकलने वाला था और पत्नी को सत्तू पिलाने के लिए बोला. इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी और मामला इतना बढ़ गया कि बहस इस दर्दनाक हादसे में बदल गया.
महिला के मायके वालों की मानें तो पति अक्सर दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था. पति और सास पर परिजनों का आरोप है कि उसी के चलते महिला की मौत हुई. पुलिस अभी मामले पर कुछ भी बोलने से कतरा रही है. लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है.
(इनपुट- सुनील कुमार अंशु)
