
बरेली: यूपी के बरेली से बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक शख्स के हाथ-पैर में कील गड़ी हुई थी. शख्स का आरोप था कि मास्क नहीं पहनने की वजह से पुलिस ने उसको यह सजा दी है. लोगों ने तथ्यों की जांच करने की जहमत भी नहीं उठाई और यूपी पुलिस पर कूरता की हदें पार करने का आरोप लगाने लगे. जबकि बरेली पुलस ने इस वाकये को निराधार और षडयंत्र से प्रेरित बताया था.
ट्विटर पर वायरल वीडियो की सच्चाई कुछ और निकली
अब सच सामने आ गया है. खुद आरोप लगाने वाले शख्स ने कैमरे के सामने यह स्वीकार किया है कि पुलिस ने उसके हाथ-पैर में कीलें नहीं ठोकी थीं. गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने यह काम खुद किया था. बरेली पुलिस ने आरोप लगाने वाले शख्स के इस कबूलनामे का वीडियो बनाकर अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जारी किया है. साथ ही झूठा आरोप लगाने और पुलिस को बदनाम करने के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है.
थाना बारादरी क्षेत्रान्तर्गत एक युवक द्वारा पुलिसकर्मियों पर लगाये गये दुर्व्यवहार सम्बंधी आरोपों की जांच से पुष्टि नही होने के सम्बन्ध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बरेली की बाईट । #UPPolice @Uppolice @adgzonebareilly @igrangebareilly https://t.co/vs4Uz4xCId pic.twitter.com/mYi0m4qI7S
— Bareilly Police (@bareillypolice) May 26, 2021
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि जोगीनवादा में रहने वाला रंजीत बुधवार को अपनी मां शीला के साथ उनके ऑफिस पहुंचा था. एसएसपी के सामने उसने आरोप लगाया कि 24 मई की रात मास्क न लगाने की वजह से जोगीनवादा चौकी की पुलिस ने उसे पकड़ा और उसके हाथ-पैर में कीलें ठोक दीं. एसएसपी ने मामले की जांच कराई तो सच कुछ निकला. रंजीत एक पुलिसकर्मी से मारपीट करके भागा था, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज है.
रंजीत ने गिरफ्तारी से बचने के लिए साजिश रची, खुद कीलें ठोकी
गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने साजिश रची. जांच में पता चला कि पुलिसकर्मी से मारपीट के बाद रंजीत जोगीनवादा में ही मैसर के जरी कारखाने पहुंचा था. यहां उसने खुद ही अपने हाथ और पैर में कीलें ठोकी. वहां उपस्थित कुछ लोगों ने अपने फोन में इसका फोटो खींच लिया. रंजीत ने जब पुलिस पर कीलें ठोकने का आरोप लगाया तो लोगों ने पुलिस को फोटो मुहैया कराया. पुलिस ने यह फोटो रंजीत को दिखाया तो उसने स्वीकार किया कि खुद अपने हाथ-पैर में कीलें ठुकवाई थीं.
थाना बारादरी पर युवक के द्वारा लगाए गए आरोपों पर साक्ष्य एकत्रित करने पर जब युवक से सामना कराया गया तो, उसके द्वारा सारी घटना को बताया गया कि कैसे पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने हाथ और पैर में कील गाड़ी। युवक के ऊपर विधिक कार्रवाई की जा रही है। pic.twitter.com/VwdMpS5UAb
— Bareilly Police (@bareillypolice) May 26, 2021
झूठे आरोप लगाकर पुलिस को बदनाम करने के आरोप में कार्रवाई
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के मुताबिक रंजीत ने बताया कि उसने बाएं पैर के अंगूठे और अंगुली में कील फंसाकर अपने हाथ में ठोकी थी. इस पर एसएसपी ने आश्चर्य जताते हुए उससे पूछा कि उसे क्या दर्द नहीं हुआ तो वह बोला, कील मंगवाओ अभी फिर ठोककर दिखा सकता हूं. एसएसपी बरेली ने कहा कि रंजीत ने पुलिस पर निराधार आरोप लगाए, बदनाम किया. उसने खुद ही कीलें ठोकने की बात स्वीकार कर ली है. उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
WATCH LIVE TV
