
Patna: बिहार में धीरे-धीरे जिंदगी पटरी पर आने लगी है. अलग-अलग विभागों की तरफ से दिशानिर्देश जारी हो रहे हैं और इसके अमल के लिए जिला प्रशासन भी जुट गया है.
इसी कड़ी में आज पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने बैरिया में मौजूद पाटलिपुत्र बस टर्मिनल का दौरा किया. जिसके बाद निर्णय लिया गया है कि अब 15 जून से यहां से चार और जिलों के लिए गाड़ियां रवाना होंगी. नालंदा, नवादा, शेखपुरा और जमुई के लिए 15 जून से गाड़ियाों की आवाजाही शुरू होगी.
बता दें कि अब तक इस बस टर्मिनल से गया और जहानाबाद के लिए ही गाड़ियां चलती थी. बाकी जिलों के लिए पटना के बीच स्थित मीठापुर बस अड्डे से ही गाड़ियों का आवागमन होता था. यही वजह है कि बाईपास से लेकर बेऊर जेल मोड़ और मीठापुर बस अड्डे के आसपास लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ता है.
बिहार में 38 जिले हैं और अभी 2 जिलों के लिए ही बसें रवाना होती है. लेकिन अब 15 जून से चार और जिलों के लिए बस सेवा शुरू करने का फैसला किया गया है. पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने बैरिया बस स्टैंड का उद्घाटन किया था और उद्घाटन के बाद ही उन्होंने इस बस स्टैंड को पाटलिपुत्र बस स्टैंड करने का निर्देश दिया था.
ये भी पढ़ें- Bihar: ऐसा गांव जहां वैक्सीन के नाम पर भड़क जाती हैं महिलाएं, तो पुरुष स्वास्थ्य विभाग पर फोड़ देते हैं ठीकरा
हालांकि, पाटलिपुत्र बस टर्मिनल में काफी काम होना बाकी है. जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने एक सप्ताह के अंदर बाकी बचे काम को पूरा करने के निर्देश दिए हैं. पाटलिपुत्र बस टर्मिनल कई खूबियों को समेटे हुए है.
बस अड्डे की खासियत
- पाटलिपुत्र बस टर्मिनल 25 एकड़ में फैला हुआ है, रोजाना यहां से 3 हजार गाड़ियों को चलाने का लक्ष्य है.
- 1 लाख से अधिक यात्री बस टर्मिनल के जरिए बिहार में सफर करेंगे.
- बसों के परिचालन के लिए अंदर 2 किलोमीटर लंबी सड़क है.
- साल 2016 में इस बस स्टैंड का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था.
- सितंबर 2020 में सीएम नीतीश कुमार ने ही इसका उद्घाटन भी किया.
- टिकट काउंटर के साथ महिलाओं, पुरूषों के लिए अलग-अलग शौचालय, एस्केलेटर के इंतजाम.
- लिफ्ट के साथ केंद्रीकृत एयरकंडीशन की व्यवस्था है.
- व्यावसायिक ब्लॉक में होटल, मल्टीप्लेक्स, रेस्टोरेंट के साथ छोटी दुकानें भी हैं.
वहीं, परिवहन विभाग ने निर्देश दिया है कि जुलाई तक पाटलिपुत्र बस स्टैंड से सभी 38 जिलों के लिए बसों की आवाजाही सुनिश्चित की जाए.
