
Jahanabad: बिहार के जहानाबाद में एक नाबालिग लड़के और लड़की की शादी का मामला सामने आया है. हालांकि पुलिस ने इस शादी को रोक दिया है. इसके अलावा उन्होंने परिजनों से एक बॉन्ड भरवाकर बाल विवाह नहीं करने का संकल्प दिलाया है.
दरअसल, काको प्रखंड के पाली थाना क्षेत्र के नगवां गांव में रविवार को बाल विवाह की तैयारी चल रही थी. शाम को बारात आनी थी, लेकिन बाल विवाह की सूचना पर बारात के पहले पुलिस पहुंच गई. पुलिस के पहुंचते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई.
हालांकि पुलिस ने बड़े ही संयम तरीके से कानून का हवाला देते हुए पहले तो शादी रुकवाई और फिर बाद में लड़की और लड़के के परिजन को जिला मुख्यालय बुलाया. इस दौरान उन्होंने क बॉन्ड भरवाकर बाल विवाह नहीं करने का संकल्प दिलाया.
हालांकि लड़की के पिता ने बताया कि वह पढ़े लिखे नहीं हैं. उनको बाल विवाह के विषय में जानकारी नहीं थी. प्रशासन के कहने पर शादी रुकवा दी गई. लड़की की उम्र 14 साल बताई जा रही है जबकि लड़का 18 साल का है.
ये भी पढ़ें- BPSC 64th Final Result: बीपीएससी 64वीं परीक्षा का रिजल्ट जारी, ऐसे देखें परिणाम
इसको लेकर एसडीएम निखिल धनराज निपिंकर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन द्वारा उन्हें और एसडीपीओ अशोक कुमार पांडे को पत्र भेज कर सूचना दी गई थी कि पाली थाना क्षेत्र के नगमा गांव में रविवार को एक घर में बाल विवाह की तैयारी चल रही है. सूचना के बाद स्थानीय थाना प्रभारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को भेजकर मामले की जांच की गई. जांच के क्रम में पाया गया कि लड़की की उम्र 14 वर्ष और लड़के की उम्र 18 वर्ष है.
उन्होंने आगे कहा कि बाल विवाह अधिनियम के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद पहले विवाह को रोका गया और उसके बाद लड़की और लड़के के परिजनों को जिला मुख्यालय बुलाकर बाल विवाह अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई. अधिनियम की जानकारी प्राप्त होने के बाद लड़की और लड़के के परिजनों ने एक बॉन्ड भरा, जिसमें दोनों ने अपने बच्चों की शादी कम उम्र में नहीं करने की शपथ ली.
