What Is Golden Fleet: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट से एक ऐतिहासिक घोषणा की है. उन्होंने अमेरिकी नौसेना के लिए ‘गोल्डन फ्लीट’ की शुरुआत करते हुए दो नए विशाल बैटलशिप बनाने को मंजूरी दी है. सबसे खास बात यह है कि ये जहाज ‘ट्रंप-क्लास’ कहलाएंगे और पहला जहाज USS Defiant होगा. इस मौके पर ट्रंप ने गर्व से कहा, “ये अब तक के सबसे बड़े, सबसे तेज और 100 गुना ज्यादा पावरफुल बैटलशिप होंगे.” ट्रंप ने यह ऐलान रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और नौसेना मंत्री जॉन फेलन की मौजूदगी में किया है.
क्या है ‘गोल्डन फ्लीट’?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 22 दिसंबर 2025 को फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘गोल्डन फ्लीट’ की घोषणा की है. यह अमेरिकी नौसेना का एक नया प्रोजेक्ट है, जिसमें बड़े-बड़े बैटलशिप बनाए जाएंगे. ट्रंप ने कहा, “ये जहाज अब तक के सबसे तेज, सबसे बड़े और 100 गुना ज्यादा ताकतवर होंगे.” ये ‘ट्रंप-क्लास’ बैटलशिप होंगे, जो पुराने आयोवा-क्लास जहाजों से भी बड़े होंगे. हर जहाज 30,000 से 40,000 टन वजन का होगा और अमेरिकी शिपयार्ड में बनेगा. शुरू में दो जहाज बनेंगे- यूएसएस डिफाइंट और उसका साथी. बाद में फ्लीट को 20-25 जहाजों तक बढ़ाया जाएगा. इसे बनाने में लगभग 2.5 साल में पूरा होगा, और लागत प्रति जहाज 10-15 अरब डॉलर हो सकती है. ट्रंप ने इसे अमेरिकी सैन्य सर्वोच्चता बहाल करने का कदम बताया है.
ये बैटलशिप क्यों हैं सुपर डेंजरस?
ये नए जहाज पुराने आयोवा-क्लास से भी बड़े होंगे, वजन 30,000 से 40,000 टन. इनमें हाइपरसोनिक मिसाइलें, न्यूक्लियर-आर्म्ड क्रूज मिसाइलें, लेजर हथियार, रेलगन और एडवांस्ड टारगेटिंग सिस्टम लगे होंगे. नौसेना मंत्री फेलन ने कहा, “ट्रंप-क्लास USS Defiant दुनिया के समुद्रों में सबसे बड़ा, सबसे खतरनाक और सबसे बहुमुखी युद्धपोत होगा. ये ड्रोन से लेकर बड़े युद्धपोत तक सब कुछ कंट्रोल करेगा.” ये जहाज अमेरिकी नौसेना की ताकत को नई ऊंचाई देंगे और दुश्मनों को दूर से ही डराएंगे.
हजारों नौकरियां और अमेरिकी इंडस्ट्री को बूस्ट!
ट्रंप ने इस प्रोजेक्ट को सेना के साथ-साथ अर्थव्यवस्था के लिए गेम-चेंजर बताया. अमेरिकी शिपयार्ड फिर से गुलजार होंगे, हजारों नई नौकरियां आएंगी और घरेलू उत्पादन मजबूत होगा. उन्होंने रक्षा कंपनियों पर दबाव डाला कि मुनाफा स्टॉक बायबैक या बोनस में नहीं, बल्कि फैक्टरी और मशीनों में लगे. “निर्माण लगभग तुरंत शुरू होगा, पहला जहाज 2.5 साल में तैयार,”
दुनिया को मैसेज: ताकत से शांति!
ट्रंप ने साफ किया कि ये जहाज किसी एक देश (जैसे चीन) के लिए नहीं, बल्कि सभी चुनौतियों का जवाब हैं. “हम चीन से अच्छे रिश्ते रखते हैं, लेकिन ये शांति ताकत से आएगी. उम्मीद है कभी इस्तेमाल न करना पड़े.” यह कदम चीन की बढ़ती नौसेना और अमेरिकी शिपयार्ड की कमजोरी की चिंताओं के बीच आया है.
बैटलशिप्स की पुरानी विरासत नई शुरुआत
दूसरे विश्व युद्ध में बैटलशिप्स अमेरिकी ताकत के प्रतीक थे, लेकिन मिसाइल और सबमरीन के दौर में इनकी जगह विमानवाहक पोतों ने ले ली. 1990 के बाद अमेरिका ने कोई नया बैटलशिप नहीं बनाया. अब ट्रंप की ‘गोल्डन फ्लीट’ से बैटलशिप्स की धमाकेदार वापसी हो रही है, जो नौसेना को फिर से सुपरपावर बना सकती है.
