Mob killing migrant worker from Chhattisgarh In Kerla: केरल में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. छत्तीसगढ़ से काम की तलाश में आए एक गरीब दलित मजदूर को स्थानीय भीड़ ने बांग्लादेशी घुसपैठिया समझकर इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई. यह घटना केरल के पलक्कड़ जिले के वालयार इलाके में हुई, जहां लोग आमतौर पर मेहमाननवाजी के लिए मशहूर हैं. लेकिन इस बार कुछ लोगों ने कानून अपने हाथ में लेकर इंसानियत को तार-तार कर दिया.
क्या हुई थी पूरी घटना?
17 दिसंबर को पलक्कड़ के अट्टापल्लम गांव में चोरी की शिकायत के बाद कुछ स्थानीय लोग संदिग्ध तलाश रहे थे.इसी दौरान छत्तीसगढ़ के रहने वाले 31 साल के युवक पर शक हो गया. भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी. एक वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि हमलावर बार-बार पूछ रहे हैं- “क्या तुम बांग्लादेशी हो?” युवक ने मना किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी और बेरहम पिटाई शुरू कर दी थी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर 80 से ज्यादा चोटें मिलीं थी.
केरल के विपक्ष नेता ने की निंदा
केरल के विपक्ष नेता वीडी सतीशन ने इस घटना को राज्य के लिए शर्म की बात बताया. ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, “यह बहुत दुखद है कि भीड़ ने छत्तीसगढ़ के एक मजदूर को इतनी बेरहमी से मार डाला. यह केरल का अपमान है. यह असली केरल नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें और मृतक के गरीब परिवार को मदद दें.”
पुलिस की कार्रवाई और जांच
जिला पुलिस चीफ अजीत कुमार ने ANI को बताया कि हत्या का केस दर्ज किया गया है और 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि और भी लोग शामिल हो सकते हैं, इसलिए जांच जारी है. सरकार ने परिवार को कम से कम 10 लाख रुपये मुआवजे का वादा किया है. छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने भी 5 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है.
क्यों उठ रहे हैं सवाल?
यह घटना केरल जैसे राज्य में चौंकाने वाली है, जहां प्रवासी मजदूरों की बड़ी तादाद काम करती है. कई लोग इसे नस्लीय नफरत से जोड़ रहे हैं. मंत्री राजेश ने तो साफ कहा कि यह सिर्फ मॉब लिंचिंग नहीं, बल्कि रेसियल हैट्रेड है. विपक्ष कह रहा है कि कानून-व्यवस्था फेल हो रही है. कुल मिलाकर, यह घटना हमें याद दिलाती है कि नफरत की आग कहीं भी भड़क सकती है, चाहे कितना भी पढ़ा-लिखा समाज क्यों न हो.
