
Virat kohli: 2025 खत्म हो गया है और नए साल 2026 ने दस्तक दे दी है. पिछला साल यानी 2025 टीम इंडिया के दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली के लिए यादगार रहा. ये वही साल था जब उन्होंने अचानक टेस्ट को अलविदा कहा और फिर वनडे में रिकॉर्ड की बारिश कर डाली. 37 साल के कोहली साल 2025 के जाते-जाते एक बड़ा धमाका कर गए. उन्होंने 2025 के आखिरी दिन एक नया इतिहास रचा है. अब आप सोच रहे होंगे टीम इंडिया तो फिलहाल रेस्ट कर रही है और वो 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक्शन में होगी तो फिर कोहली ने कौन सा रिकॉर्ड बना दिया और कैसे? आइए जानते हैं.
साल 2025 के आखिरी दिन विराट कोहली ने बिना मैदान पर उतरे ही इतिहास रचा है. उन्होंने वो कर दिखाया, जो कभी नहीं हुआ था. इस अनोखे कमाल के चलते ना सिर्फ उन्होंने रिकॉर्डबुक हिलाई बल्कि वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया है. इस रिकॉर्ड के दम पर कोहली ने ये साबित भी कर दिया कि उम्र चाहे जो भी हो, क्लास और निरंतरता कभी खत्म नहीं होती.
नंबर 2 पर रहते हुए भी किया कमाल
2025 में विराट कोहली ने वनडे में रनों की बारिश की. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया सीरीज में उन्होंने 302 रन बनाए थे, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा. इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत विराट आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए. इस वक्त नंबर-1 पर रोहित शर्मा मौजूद हैं. नंबर 2 पर रहते हुए भी कोहली इतिहास रच गए.
विराट ने ऐसे रचा इतिहास
दरअसल, विराट कोहली ने अपने करियर में 10वीं बार किसी कैलेंडर ईयर का अंत ICC वनडे रैंकिंग में टॉप-2 बल्लेबाज के रूप में किया है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. इससे पहले कोहली 2017, 2018, 2019 और 2020 में ICC वनडे रैंकिंग में नंबर-1 रहते हुए साल खत्म कर चुके हैं. उन्होंने साल 2013, 2014, 2015, 2016, 2021 और अब 2025 में दूसरे नंबर पर काबिज रहते हुए साल का अंत किया. खास बात ये है कि वनडे में यह निरंतरता आज तक कोई और बल्लेबाज हासिल नहीं कर सका.
विव रिचर्ड्स का पुराना रिकॉर्ड टूटा
इस खास रिकॉर्ड के दम पर कोहली ने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. आज से पहले तक विव रिचर्ड्स ने अपने करियर में 9 बार कैलेंडर ईयर का अंत ICC रैंकिंग में टॉप-2 में रहते हुए किया था. कोहली भी उनके साथ संयुक्त रूप से नंबर 1 पर थे, लेकिन 2025 में विराट ने 10वीं बार ये कमाल करके रिचर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है.
2025 में विराट कोहली ने क्या किया?
साल 2025 में विराट कोहली ने वनडे में कमाल किया. उन्होंने इस साल कुल 13 वनडे खेले और 65.10 की बेहतरीन औसत से 651 रन बनाए. वो इस साल टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. इसके अलावा उन्होंने जीत वाले मैचों में 18 हजार रन पूरे कर एक और खास उपलब्धि अपने नाम की. वो इस साल करीब 14 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में नजर आए और उन्होंने आंध्रा के खिलाफ शतक जड़कर सभी का दिल जीता.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup से बाहर.. अब पंत ने ODI में भी सेट कर ली खुद की ‘फील्डिंग’, डबल सेंचुरियन काट देगा पत्ता
