
नया साल 2026 भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ी उम्मीदों का साल है. बात चाहे मेंस क्रिकेट की हो या फिर विमेंस की, दोनों ही टीमें आईसीसी ट्रॉफी की उम्मीद लगाए बैठी हैं. महिला टीम के लिए साल 2025 शानदार रहा क्योंकि इस साल भारतीय महिला टीम ने इतिहास का पहला वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया. लेकिन एक बार फिर कप्तान हरमनप्रीत कौर के पास 10 साल का सूखा खत्म करने का मौका है. भारतीय टीम अब 7 महीने में दूसरा आईसीसी खिताब अपने नाम करने की तैयारियों में जुट चुकी है.
कब होगा महिला टी20 वर्ल्ड कप?
साल 2025 में पहली बार वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम के पास साल 2026 में अपना पहला टी20 विश्व कप जीतने का मौका है. टी20 विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड में 12 जून से लेकर 5 जुलाई तक होना है. अगर वनडे विश्व कप की तरह भारतीय टीम टी20 विश्व कप जीतने में कामयाब रहती है, तो ये ऐतिहासिक होगा. महिला टी20 विश्व कप 2026 विश्व कप का 10वां संस्करण होगा.
6 बार ऑस्ट्रेलिया ने मारी बाजी
पिछले 9 संस्करणों में 6 बार ऑस्ट्रेलिया विजेता रही है. इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड ने एक-एक बार खिताब जीता है. टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 में आया था, जब टीम फाइनल में पहुंची थी. हालांकि, तब ऑस्ट्रेलिया विजयी रही थी. इसके अलावा, भारतीय टीम 2009, 2010 और 2018 में सेमीफाइनल खेल चुकी है.
ये भी पढे़ं.. ‘बवाल’ के बाद IPL 2026 से बाहर होंगे मुस्तफिजुर रहमान? BCCI की तरफ से आया ये बयान
फरवरी में होगा मेंस टी20 वर्ल्ड कप
महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले फैंस मेंस टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटे होंगे. फरवरी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने उतरेगी. साल 2024 में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को फाइनल में मात देकर खिताबी जीत दर्ज की थी, लेकिन तब रोहित शर्मा कप्तान थे. इस बार टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है, जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया 2025 में इस फॉर्मेट में शानदार रही.
