News in Brief

Why Political Violence Erupted in Bellary: कर्नाटक के बेल्लारी शहर में नए साल के पहले ही दिन दो राजनीतिक गुटों में झड़प हो गई. इस झड़प में एक व्यक्ति मारा गया. यह झड़प तब शुरू हुई, जब बेल्लारी सिटी से कांग्रेस विधायक नारा भारत रेड्डी के समर्थक हवंबावी इलाके में बैनर लगा रहे थे. ये बैनर 3 जनवरी को महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापना समारोह से संबंधित थे. उन्होंने पूर्व बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी के घर के सामने भी बैनर लगा दिया. जिसका उनके समर्थकों ने विरोध किया. इस पर दोनों पक्षों में पहले मुंहभाषा शुरू हुई, जो जल्द ही पत्थरबाजी में बदल गई. साथ ही एक-दूसरे पर फायरिंग भी की गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए 5 बंदूकें जब्त कर ली हैं.

1 जनवरी को हुई थी पत्थरबाजी

ADGP लॉ एंड ऑर्डर आर. हिथेंद्र ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी गुरुवार सुबह 9 से 9:30 बजे तक हुई. फिर एक गुट ने फायरिंग की, जिसमें कांग्रेस समर्थक राजशेखर (26 वर्षीय) गोली लगने से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

Add Zee News as a Preferred Source

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसूंगैस का इस्तेमाल किया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है. जनार्दन रेड्डी का कहना है कि कांग्रेस समर्थकों ने उनके घर पर हमले और हत्या की साजिश रची थी. 

बेल्लारी में एक्सट्रा फोर्स की गई तैनात

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने गुंडे पेट्रोल बम और पत्थर लेकर आए लेकिन वक्त उनके समर्थकों की प्रतिक्रिया की वजह से वे सफल नहीं हो पाए. वहीं कांग्रेस विधायक नारा भारत रेड्डी ने जनार्दन रेड्डी पर अपना कार्यक्रम बिगाड़ने और हिंसा भड़काने का आरोप लगाया. इस मामले में पूर्व मंत्री बी. श्रीरामुलु ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कार्रवाई की मांग की है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हवाई फायरिंग से मौत की बात कही और जांच के आदेश दिए. गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने भी जांच की बात कही.

इस झड़प के बाद बेल्लारी में सुरक्षा बढ़ाते हुए एक्सट्रा पुलिस फोर्स तैनात किया गया है. पुलिस ने जनार्दन रेड्डी समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जिसमें बैनर तोड़ने, हमला और दंगा शामिल है. कांग्रेस पक्ष ने भी अपनी ओर से शिकायत दर्ज करवाई है. फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति पसरी है. 

आरोपियों पर करेंगे सख्त कार्रवाई- पुलिस

राज्य के एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) आर. हितेंद्र ने कहा, ‘… इलाके में बैनर लगाने का विवाद हुआ था।. इस मामले में हमने 5 निजी बंदूकधारियों की निजी बंदूकें जब्त की हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है. गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. हमने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले में केस दर्ज किया है. हम इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे.’