News in Brief

Travis Head 12th Test Hundred: ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एक बार फिर इंग्लैंड को उन्हीं की दवा का स्वाद चखाया है. सिडनी में खेले जा रहे 5वें टेस्ट की पहली पारी में हेड ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए इस सीरीज का तीसरा और अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक जड़ा. यूं कहें कि ट्रेविस हेड ने अंग्रेजों को ‘बैजबॉल’ का असली अर्थ समझाया है तो गलत नहीं होगा. एशेज सीरीज 2025-26 में जब से उन्हें ओपनिंग बल्लेबाजी की जिम्मेदारी मिली है, उन्हें रोकना असंभव हो गया है. ट्रेविस हेड ने चौकों की बरसात करते हुए 105 गेंद पर सेंचुरी जड़ी. ये सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर उनका पहला टेस्ट शतक है.

एशेज सीरीज 2025-26 का अंतिम टेस्ट सिडनी में खेला जा रहा है. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और जो रूट के शतक की बदौलत पहली पारी में 384 रन बनाए. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग आई और ट्रेविस हेड एक बार फिर बेन स्टोक्स एंड कंपनी के लिए सबसे बड़े ‘हेडेक’ बने. बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने मैदान के हर कोने में चौके लगाए और तीसरे दिन की शुरुआत में ही अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक जड़ दिया.

ट्रेविस हेड ने बदला एशेज का इतिहास

Add Zee News as a Preferred Source

इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में धमाकेदार शतक जड़कर ट्रेविस हेड ने बड़ा कारनामा किया है. वो 2002-03 के बाद पहले ऑस्ट्रेलियाई ओपनर बने हैं, जिन्होंने एक एशेज सीरीज में 3 शतक जड़े हैं. उन्होंने दिग्गजों के क्लब में जगह बना ली है. इससे पहले 2002-03 में पूर्व महान सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन ने इंग्लैंड के खिलाफ घर पर 3 सेंचुरी जड़ी थी. पिछले 23 सालों से कोई ऑस्ट्रेलियाई ओपनर एशेज सीरीज में 3 शतक नहीं ठोक सका था, लेकिन ट्रेविस हेड ने टेस्ट क्रिकेट का ये इतिहास बदल दिया.

3-1 से सीरीज में आगे है ऑस्ट्रेलिया

बता दें कि एशेज सीरीज 2025-26 में ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा देखने को मिला है. 5 मैचों की शृंखला में कंगारुओं ने 3-1 की बढ़त बनाकर पहले ही एशेज ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है. ट्रेविस हेड ने इससे पहले पर्थ और एडिलेड में शानदार शतक जड़ा था. वो इस सीरीज में 550 से ज्यादा रन बना चुके हैं. सिडनी में जारी टेस्ट में वो अभी भी क्रीज पर डटे हैं और ये आंकड़ा 600 रन के पार पहुंच सकता है. 

ये भी पढ़ें: IPL 2026 Auction में शामिल थे 7 बांग्लादेशी खिलाड़ी, सिर्फ मुस्तफिजुर रहमान पर बवाल क्यों? ये है बड़ी वजह