भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा. वडोदरा में खेले गए पहले ODI मैच में 4 विकेट से जीत दर्ज कर भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है. पहले ODI मैच में जीत के बावजूद कप्तान शुभमन गिल अगले मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में बड़े-बड़े बदलाव कर सकते हैं.
कप्तान शुभमन गिल ने दे दिए बड़े संकेत
वडोदरा में खेले गए पहले ODI मैच में 4 विकेट से जीत हासिल करने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने आगे आने वाले मैचों के लिए टीम इंडिया का प्लान साफ कर दिया है. कप्तान शुभमन गिल ने साफ कर दिया है कि आगामी मुकाबलों की प्लेइंग इलेवन में बदलाव देखने को मिलेगा. शुभमन गिल ने इस दौरान टीम इंडिया की रोटेशन पॉलिसी को लेकर भी जिक्र किया है.
दूसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन में होंगे बदलाव
शुभमन गिल ने कहा, ‘टीम में रोटेशन को लेकर बात करें तो पिछली सीरीज में अर्शदीप सिंह ने अच्छा प्रदर्शन किया था और मोहम्मद सिराज उस सीरीज का हिस्सा नहीं थे. आगामी वर्ल्ड कप को मद्देनजर रखते हुए हम सभी को मौके देना चाहते हैं, खासकर जब आगे बहुत ज्यादा वनडे मैच नहीं हैं.’ बता दें कि रविवार को विराट कोहली ने 93 रन की पारी खेलकर भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
विराट कोहली की जमकर तारीफ
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा है कि जो वे करते हैं, उसे दोहराना आसान नहीं. कप्तान ने कहा, ‘इस समय विराट कोहली बल्लेबाजी को आसान बना रहे हैं. इन पिचों पर शुरुआत करना मुश्किल होता है. जो विराट कोहली करते हैं, उसे दोहराना आसान नहीं है. उम्मीद है वह इसी तरह रन बनाते रहेंगे.’
