
IND vs NZ 4th T20I: टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 50 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम 3-0 से अजेय बढ़त के साथ मैदान में उतरी थी. घर में दूसरी सबसे बड़ी टी20 हार के चर्चे शुरू हुए ही थे कि सूर्यकुमार यादव ने इनपर विराम लगा दिया. उन्होंने मैच के बाद इस मैच में हुए एक्सपेरीमेंट का खुलासा किया. हालांकि, चौथे टी20 मैच के बाद टीम इंडिया की टेंशन संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव की फॉर्म बनी हुई है. अभिषेक के आउट होते ही भारतीय टीम बैकफुट पर नजर आती है.
टीम इंडिया की बल्लेबाजी फुस्स
भारतीय टीम की बल्लेबाजी चौथे टी20 मुकाबले में फुस्स नजर आई. टीम इंडिया की तरफ से अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हुए. सूर्यकुमार यादव दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए जबकि संजू सैमसन ने 24 के स्कोर पर अपना विकेट गंवा दिया. 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने टीम इंडिया की लाज बचाई. रिंकू ने 39 जबकि दुबे ने 23 गेंद में 65 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली. भारतीय टीम इस मैच में 6 बल्लेबाजों के साथ मैदान में उतरी. टीम के कॉम्बिनेशन पर स्काई ने मैच के बाद चुप्पी तोड़ी.
क्या बोले सूर्यकुमार यादव?
सूर्या ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने आज जानबूझकर छह बल्लेबाज खिलाए. हम पाँच परफेक्ट गेंदबाज रखना चाहते थे और खुद को चैलेंज करना चाहते थे. जैसे, उदाहरण के लिए, अगर हम 200 या 180 रन का पीछा कर रहे हैं, और हम देखना चाहते थे कि अगर हमारे दो या तीन विकेट गिर जाते हैं, तो कैसा लगता है. लेकिन दिन के आखिर में यह ठीक है और हम उन सभी खिलाड़ियों को खिलाना चाहते थे जो वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं. नहीं तो, हम दूसरे खिलाड़ियों को खिलाते.’
ये भी पढे़ं.. विराट से विलियमसन तक: Fab 4 में कौन है इंटरनेशनल क्रिकेट का असली किंग?
बैटिंग पर स्काई का रिएक्शन
बैटिंग पर बात करते हुए स्काई ने कहा, ‘जब हमने पहले बैटिंग की है, तो हमने बहुत अच्छी बैटिंग की है. इसलिए मैं चाहता था कि अगर हम 180 या 200 रन का पीछा कर रहे हैं, और दो या तीन विकेट गिर गए हैं, तो लड़के वह ज़िम्मेदारी लें और देखें कि हम कैसी बैटिंग करते हैं. यह एक अच्छा चैलेंज है, उम्मीद है कि अगर हमें अगले मैच में फिर से मौका मिलता है, तो हम फिर से पीछा कर सकते हैं. इससे काफी कुछ सीखने को मिला. भारी ओस के साथ, मुझे लगता है कि एक या दो पार्टनरशिप इधर-उधर, जैसे दुबे ने बैटिंग की, उनके साथ एक बल्लेबाज़ होता तो मैच के आखिर में बहुत फर्क पड़ता. हम 50 रन से हार गए लेकिन कोई बात नहीं. जैसा कि मैंने कहा, इस तरह के रन चेज में इस तरह की एक या दो पार्टनरशिप फर्क डाल सकती हैं.’
