
Patna: कोरोना पर ब्रेक लगाने के लिए बिहार सरकार जी जान से जुटी है. कोरना गाइडलाइंस, वैक्सीनेशन और लॉकडाउन तक सब हथियार अजमाए जा रहे हैं. लेकिन सूबे के कुछ इलाकों में लोगों के लिए आनंद या कहे की डांस जिंदगी से शायद ज्यादा जरूरी हो गया है. तभी अलग-अलग जिलों में जमकर शादी समारोह आयोजित किए जा रहे हैं. जो सरकार की कोशिशों को मुंह चिढ़ाते ही नजर आते हैं.
बात छपरा की करें तो यहां आयोजित शादी समारोह में ना सिर्फ कोरोना गाइडलाइंस की बल्कि लॉकडाउन की भी जमकर धज्जियां उड़ाई गई. लॉकडाउन के दौरान डीजे और बारात के लिए सख्त नियमों की घोषणा की गई है. लेकिन छपरा के गौरा ओपी क्षेत्र में शादी के मौके पर आर्केस्ट्रा पर कोई प्रतिबंध नजर नहीं आया. द्विअर्थी गानों पर बार बालाओं और बारातियों ने जमकर ठुमके लगाए. बारात में सोशल डिस्टेसिंग मेंनटेंन करना और मास्क लगाना भी किसी ने जरूरी नहीं समझा.
हैरत की बात ये है कि कोरोना काल में लोगों के लिए धरती का खुदा बने डॉक्टर भी नियमों की अनदेखी करने में पीछे नहीं दिखे. दरअसल, छपरा के गरखा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एक डॉक्टर का शादी समारोह में डांस करने का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में डॉक्टर साहब बार-बालाओं के साथ सपना चौधरी के गानों पर थिरकते दिखाई दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें- स्कूल बंद फिर भी बच्चों को मिलेगा मिड डे मील, सूखा राशन देने की तैयारी कर रही सरकार
हालांकि, मामले के धार पकड़ने के बाद सीएस ने जांच का आदेश देकर इसे संभालने की काफी कोशिश की है. लेकिन कोरोना काल में मौत को रोज नजदीक से देखने वाले डॉक्टर जैसे समझदार और विद्वान इंसान ही इस तरह की हरकते करेंगे तो आम इंसान से क्या उम्मीद की जा सकती है.
बहरहाल समझना बेहद जरूरी है की कोरोना के अटैक के बाद ब्लैक फंगस मुंह बाए खड़ा है. जबकि कोरोना की तीसरी लहर भी उफान भरने को तैयार है. ऐसे में इस तरह की करतूत अपने अलावा दूसरों की जिंदगी के साथ भी खिलवाड़ जैसी है. इसलिए मस्त होकर धवस्त और पस्त होने से अच्छा है कि एहतियात बरते, सतर्क रहे और जिंदगी की अहमियत को समझे.
