
Jaipur: जयपुर में टोंक रोड पर बीलवा स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में बनाए 500 बेड्स के कोविड केयर सेंटर की व्यवस्था देखने गुरुवार को मुख्य सचिव निरंजन आर्य मौके पर गए. यहां उन्होंने भर्ती मरीजों से कोविड सेंटर का फीडबैक लिया और वहां ऑक्सीजन बेड्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने एक मरीज की शिकायत पर कोटपूतली के राजकीय चिकित्सालय के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा.
मुख्य सचिव ने गुरुवार को चिकित्सा सचिव सिद्धार्थ महाजन, जेडीसी गौरव गोयल और कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा बीलवा कोविड केयर सेंटर पहुंचे. यहां उन्होंने भर्ती कुछ मरीजों से बात कर सेंटर पर मिल रही फैसेलिटी के बारे में फीडबैक लिया. इस दौरान वार्ड में भर्ती राजकुमार और राजेंद्र सिंह ने सेंटर की व्यवस्थाओं और सुविधाओं को बढ़िया बताया.
एक अन्य मरीज मनभरदेव, जो डिस्चार्ज होकर सेंटर से जा रहा था उसे जब रोककर मुख्य सचिव ने पूछ तो उसने बताया कि वह पहले जब यहां आया था तो उसे सांस में तकलीफ और खांसी की शिकायत थी, लेकिन 5 दिन उपचार मिलने के बाद आज वह अच्छा महसूस कर रहा है. उसने सेंटर पर मिल रहे इलाज और अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की.
मुख्य सचिव दौरा करते हुए जब गेट नंबर 4 पर बनी हेल्पडेस्क और OPD सेक्शन में पहुंचे तो वहां कोटपुतली निवासी एक मरीज मिला. उससे पूछताछ में बताया कि कोटपूतली के सरकारी अस्पताल में जब वह इलाज के लिए गया तो उसे डॉक्टरों व स्टाफ ने भर्ती नहीं किया, जिसके कारण मजबूरन उसे यहां आना पड़ा.
इससे नाराज होकर मुख्य सचिव ने चिकित्सा सचिव सिद्धार्थ महाजन और जयपुर कलेक्टर को संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. विजीट के बाद मुख्य सचिव ने कोविड सेंटर पर ऑक्सीजन बेड्स बढ़ाने के भी निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने चिकित्सा सचिव को सेंटर में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए ऑक्सीजन बेड्स की संख्या बढ़ाने के लिए कहा.
कोविड सेंटर के प्रभारी ने बताया कि वर्तमान में यहां 194 मरीज भर्ती है, जिसमें 126 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और 20 ऑक्सीजन सिलेंडर पर है. वर्तमान में यहां 768 बेड्स लगे है, जिसमें से 206 ऑक्सीजन सपोर्ट के है. इस पर चिकित्सा सचिव सिद्धार्थ महाजन ने कहा कि जल्द से राज्य सरकार को ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर की नई खेप मिलने वाली है, जिसमें से कुछ कन्सन्ट्रेटर यहां शिफ्ट करके ऑक्सीजन बेड्स की संख्या को बढ़ा दिया जाएगा.
