

वीरेंद्र वाशिंदे/ बड़वानी: लगातार कम होते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए जिले को 2 माह बाद अनलॉक किए जाने को लेकर प्रशासन की अलग और अनोखी पहल दिखाई दी है. दरअसल अब सम और विषम संख्या वाली दुकानें अलग-अलग दिन खुली रहेंगी. इस फ़ैसले को देखते हुए अधिकारी अब दुकानों की नंबरिंग करने में जुटे गए है.
अनलॉक करने की तैयारी शुरू
बढ़ते कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए बड़वानी जिले को 9 अप्रैल से लॉकडाउन किया गया था. लगभग 50 दिन लॉकडाउन रहने के बाद अब 1 जून से जिले को अनलॉक किया जा रहा है. जिले में फिलहाल संक्रमण की दर काफी कम है लेकिन जिले में फिर संक्रमण न फैले इसके लिए प्रशासन अनलॉक को लेकर सतर्कता बरतते भी नजर आ रहा है.
50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगे बाजार
नई गाइडलाइन के हिसाब से बाजार 50% क्षमता से खोले जाने को लेकर जिला कलेक्टर ने एक अलग और अनोखा तरीका अपनाया है. बड़वानी में दुकानों पर नंबरिंग करवाई जा रही है. नंबरिंग का उद्देश्य यह है कि दुकाने सम और विषम संख्या के आधार पर एक-एक दिन खुलेगी.
क्या बोले एसडीएम
SDM घनश्याम धनगर से बात की तो उन्होंने इस नए सिस्टम की जानकारी देते हुए बताया कि नंबरिंग के हिसाब से देखें तो 1,3,5,7,9 पहले दिन और 2,4,6,8,10 संख्या वाली दुकानें दूसरे दिन खुलेंगी. ऐसा करने से बाजार 50% क्षमता से खुलेंगे.
10 टीमें बनाई गई
साथ ही SDM ने बताया कि इसके लिए प्रशासन द्वारा 10 टीमें बनाई गई है. जरूरत पड़ी तो टीमें बढ़ाई जाएगी. कल दोपहर तक इस काम को पूरा किया जाना तय किया गया है.
ये भी पढ़ें: दर्दनाक सड़क हादसा: युवती का कटा पैर, फोन कर बोली- पापा अस्पताल आ जाओ एक्सीडेंट हो गया
WATCH LIVE TV

