
T20 World Cup Super 8: टी20 विश्व कप 2026 अपने एक पड़ाव को पार कर चुका है. ग्रुप स्टेज खत्म होने के बाद अब सुपर 8 की जंग शुरू होने जा रही है. 20 में से 8 टीमों ने सुपर 8 में जगह बनाई है, जिन्हें 2 ग्रुप में डिवाइड कर दिया गया है. हर ग्रुप में 4-4 टीमें हैं. सभी टीमों को अपने-अपने ग्रुप में एक-दूसरे से कम से कम एक मुकाबला खेलना है, मतलब हर टीम 3-3 मैच खेलेगी. इसके बाद दोनों ग्रुप में जो भी टॉप 2 टीमें होंगी, वो सेमीफाइनल में एंट्री कर लेंगी. लेकिन सवाल ये है कि अगर सुपर 8 का कोई मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया तो क्या होगा? हम आपके इसी सवाल का जवाब लेकर हाजिर हुए हैं.
आईसीसी का नियम कहता है कि अगर कोई मुकाबला सुपर 8 में बारिश से धुल जाता है तो उस कंडीशन में ग्रुप स्टेज की तरह ही दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ये तभी होगा जब मुकाबला पूरी तरह से रद्द होगा. नियम के अनुसार मैच का नतीजा निकलने के लिए कम से कम 5-5 ओवर फेंके जाना जरूरी है. अंपायर पूरी कोशिश करेंगे कि मैच हो, लेकिन समय सीमा के तहत जब मैच नहीं हो पाएगा तो अंपायर यह निर्णय लेते हैं कि दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ठीक वैसा ही, जैसे ग्रुप स्टेज में हुआ था.
किस टीम की होगी मौज?
जब बारिश से मैच धुलेगा तो कोई भी टीम विजेता नहीं कहलाएगी और न ही मैच का नेट रन रेट पर कोई असर होगा. बस दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा. ऐसा होने से उस टीम की मौज हो जाएगी, जिसका नेट रन रेट बेहतर होगा. इसलिए हर ग्रुप में टीमें हर मैच को जीतने की कोशिश में होंगी, ताकि अगर कोई मैच बारिश से धुला तो उनका नेट रन रेट बेहतर रहे.
पहले ही मैच पर बारिश का साया
अब सवाल ये है कि आखिर बारिश का जिक्र क्यों? तो जान लीजिए कि इस एडिशन में भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर मैच हो रहे हैं. श्रीलंका में खेले गए ग्रुप स्टेज के कुछ मैचों पर बारिश का साया था. कोलंबो में लगातार हो रही बारिश से आयरलैंड और जिम्बाब्वे का मैच नहीं हुआ था. लिहाजा दोनों टीमों को बिना खेले ही 1-1 अंक मिला और जिम्बाब्वे सुपर 8 में एंट्री कर गई. अब सुपर 8 में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच होने वाले पहले ही मैच पर बारिश का साया है. इसलिए यह नियम आपको जानना जरूरी था.
कब हैं सेमीफाइनल और फाइनल?
सुपर-8 के मुकाबले 21 फरवरी यानी आज से शुरू हो रहे हैं, जो 1 मार्च तक चलेंगे. 9 दिन चलने वाली इस जंग में कुल 12 मैच होंगे. टीम इंडिया को अपना पहला सुपर 8 मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलना है. 4 और 5 मार्च को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे, जबकि 8 मार्च को फाइनल तय है.
ये भी पढ़ें: सुपर 8 की जंग से पहले बेनकाब हुई सूर्या ब्रिगेड, विरोधी कप्तानों को मिला Team India को हराने का सीक्रेट फॉर्मूला…पकड़ ली ये कमजोर नस

