)
Border 2 Viral Trend: ‘अगर अहान शेट्टी ने कमेंट किया तो मैं अपनी सैलरी से दोस्तों को ‘बॉर्डर 2’ दिखाऊंगी….’ जब भी सोशल मीडिया खोलो या इंस्टाग्राम रील्स स्क्रॉल करो तो बस इसी तरह के वीडियो देखने को मिल रहा है. जहां लोग सुनील शेट्टी और उनके बेटे अहान शेट्टी से कमेंट्स करने के लिए कहते हैं. दरअसल, अहान शेट्टी 5 साल बाद 2026 की मोस्ट अवेटेड एक्शन वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. उन्होंने 2021 में ‘तड़प’ फिल्म से डेब्यू किया था.
हालांकि, उनकी ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी, लेकिन अब लोग उनको ‘बॉर्डर 2’ में देखने के लिए काफी बेताब नजर आ रहे हैं, जिसका अंदाजा पिछले 3 हफ्ते से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और रील्स से लगाया जा सकता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर ‘बॉर्डर 2’ को लेकर बड़ा ही मजेदार ट्रेंड वायरल हो रहा है. लोग रील्स बनाकर लिख रहे हैं, ‘अगर सुनील शेट्टी या अहान शेट्टी ने कमेंट किया तो वे फिल्म देखने थिएटर जाएंगे’. खास बात ये है कि दोनों इन वायरल रील्स पर कमेंट्स भी कर रहे हैं.
जीजा केएल राहुल ने भी किया ‘ब्लैकमेल’
साथ ही अपने फैंस से रिक्वेस्ट कर रहे हैं वे इस फिल्म को देखने जरूर जाएं. इतना ही नहीं, अब इस ट्रेंड में अहान के जीजा यानी उनकी बहन अथिया शेट्टी के पति और क्रिकेटर केएल राहुल भी शामिल हो गए हैं. केएल राहुल ने भी अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें लिखा था, ‘अगर अहान शेट्टी ने इस वीडियो पर कमेंट किया तो मैं ‘बॉर्डर 2’ दो बार देखूंगा’. इस पर अहान ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, ‘दो नहीं, चार बार देखनी पड़ेगी’. इस पर सुनील और अथिया ने हंसने वाले इमोजी शेयर किए.
‘फैक्ट्री की तरह होने लगा है फिल्मों में काम…’ बॉलीवुड में 12 घंटे की शिफ्ट पर मचा बवाल, अब इस डायरेक्टर ने उठाए सवाल
लोग अहना शेट्टी से मांग रहे रिप्लाई
एक और वायरल रील में एक लड़की कुछ सोचती हुई नजर आती है और वीडियो पर लिखा होता है, ‘अहान शेट्टी ने अगर कमेंट किया तो 10 लोगों को लेकर ‘बॉर्डर 2’ देखने जाउंगी पक्की’. इस पर अहान शेट्टी ने रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘और जब थिएटर में हो, एक पिक्चर जरूर डालना’. दूसरे वीडियों में एक लड़का मॉल में घूमता नजर आता है, जो वीडियो पर लिखता है, ‘जब तक अहान शेट्टी का कमेंट नहीं आएगा मैं ये फिल्म देखने नहीं जाऊंगा’. जिस पर रिप्लाई करते हुए अहान लिखते हैं, ‘अब तो जाना पड़ेगा’.
आखिर कैसे हुई इस ट्रेंड की शुरुआत?
इस ट्रेंड की शुरुआत कैसे हुई इसका खुलासा खुद अहान शेट्टी ने किया. उन्होंने बताया कि किसी लड़की की रील उन्हें भेजी गई थी, जिसमें लिखा था, ‘अगर अहान शेट्टी ने कमेंट किया तो मैं अपनी सैलरी से पूरे परिवार को ‘बॉर्डर 2’ दिखाऊंगी’. अहान को ये बहुत प्यारा लगा और उन्होंने जवाब में लिखा, ‘आप अपना पैसा मत खर्च कीजिए, आपके परिवार की टिकट मैं दूंगा’. बस वहीं से इस ट्रेंड की शुरुआत हो गई. अब 3 हफ्ते से अहान और सुनील शेट्टी दोनों अपने फैंस की वायरल रील्स पर कमेंट्स कर रहे हैं.
23 जनवरी को रिलीज हो रही फिल्म
वहीं, अगर ‘बॉर्डर 2’ की बात करें तो अहान शेट्टी अपने पिता सुनील शेट्टी की विरासत को आगे बढ़ाते नजर आएंगे. इस फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह कर रहे हैं. इस बार सनी देओल फिर से लीड रोल में हैं, जबकि वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी अहम किरदार निभा रहे हैं. 1971 के भारत-पाक युद्ध से प्रेरित ये फिल्म 23 जनवरी को, गणतंत्र दिवस से पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अगर एडवांस बुकिंग की बात करें तो इसके अब तक 4 करोड़ से ज्यादा टिकट्स बुक हो चुकी हैं. ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि फिल्म अच्छा ओपनिंग कर सकती है.
