
Allu Arjun: साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों काफी चर्चा में बने हुए हैं. हाल ही में ब्रांड मैनेजर कावेरी बरुआ ने एक पॉडकास्ट के दौरान अल्लू अर्जुन और उनकी टीम के बारे में कई चौंकाने वाले दावे किए थे. इन दावों पर अब एक्टर अल्लू ने खुलासा किया और दावों को गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
टीम भेजेगी मानहानि का नोटिस
सोशल मीडिया पर एक पॉडकास्ट क्लिप वायरल होने के बाद मंगलवार को अल्लू अर्जुन की टीम ने एक स्टेटमेंट जारी किया. उनकी टीम की तरफ से जारी नोट में लिखा गया कि ‘मिस्टर अल्लू अर्जुन के बारे में हाल ही में किए गए कुछ कमेंट्स पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठे हैं. उन्होंने हमेशा पूरी गरिमा और सम्मान के साथ काम किया है. हम इन झूठे आरोपों को गंभीरता से लेते हैं. हमारी लीगल टीम जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मानहानि का केस शुरू कर रही है. हम सभी से रिक्वेस्ट करते हैं कि वे बिना वेरीफाई जानकारी फैलाने से बचें.’
क्या था मामला?
रॉयल एनफील्ड की पूर्व ब्रांड मैनेजर कावेरी बरुआ ने एक पॉडकास्ट में दावा किया कि अल्लू अर्जुन और उनकी टीम को लेकर चौंकाने वाले दावे किए थे. कावेरी ने बताया कि ‘मेरी एक और दिलचस्प मुलाकात हैदराबाद के मेगा स्टार अल्लू अर्जुन से हुई. साउथ के स्टार्स अपने साथ आते हैं. उनसे मिलने से पहले, हमारे पास एक नोट था जिसमें 42 बातें लिखी थीं कि क्या करें और क्या न करें. उनके पास मैनेजर का मैनेजर का मैनेजर होता है. वे बहुत सख्त होते हैं. जैसे ‘सर की आंखों में मत देखो, हाथ मत मिलाओ’.

कावेरी ने डिलीट किए अपने सोशल मीडिया अकाउंट
जब पॉडकास्टर ने नियमों के पीछे का कारण पूछा तो कावेरी ने जवाब दिया ‘मुझे क्या पता? यही नियम है.’ जब उनसे उनकी टीम द्वारा कथित तौर पर बनाए गए और नियमों के बारे में बताने के लिए कहा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘और नहीं बताऊंगी मैं.’ यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और कावेरी ने तब से अपने इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पेज डिलीट कर दिए हैं. कई इंस्टाग्राम और एक्स यूजर्स ने अर्जुन को बुरा-भला कहा, खासकर उन नियमों के लिए जिनमें लिखा था कि कोई भी उनकी आंखों में नहीं देख सकता.
