टीवी के फेवरेट कपल माही विज और जय भानुशाली इन दिनों लगातार सुर्खियों में छाए हुए हैं. इस कपल ने हाल ही में अपने 15 साल के रिश्ते पर विराम लगाते हुए तलाक की घोषणा की है, जिसके बाद एक्ट्रेस लगातार ट्रोलर्स के निशाने पर बनी हुई हैं. वहीं अब ये ट्रोलिंग आउट ऑफ कंट्रोल होती जा रही है, जिसको लेकर एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर नेगेटिव पीआर करने वालों को लताड़ा है. इस ऑनलाइन ट्रोलिंग की शुरुआत तब हुई जब माही ने अपने परिवार के करीबी मित्र नदीम के लिए बर्थडे पोस्ट शेयर किया और उसमें उनके प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया.
माही विज ने ऑनलाइन ट्रोलिंग पर दी सफाई
इस पोस्ट में माही ने नदीम की तारीफ करते हुए एक क्यूट फोटो शेयर की थी, जिसे लोगों ने गलत समझकर, एक्ट्रेस को बुरा-भला कहना शुरु कर दिया. नेगेटिव कमेंट्स से परेशान होकर उन्होंने कमेंट सेक्शन ऑफ कर दिया. लेकिन लोग फिर भी नहीं रुके और वहीं कुछ लोगों ने ये अटकलें लगाना शुरु कर दिया कि माही और जय का तलाक नदीम के कारण हुआ है, जो कि एक्ट्रेस के लिए काफी चौंकाने वाला था. ऑनलाइन ट्रोलिंग पर हैरानी जताते हुए माही की दोस्त और एक्ट्रेस अंकिता लोखंड़े और एक्स हसबैंड जय ने उनका साथ दिया. लेकिन अब माही ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने इस पोस्ट के बारे में बात की है.
वीडियो में माही ने निकाला गुस्सा
माही विज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए उन लोगों पर निशाना साधा है, जिन्होंने उनका नाम नदीम के साथ जोड़ा है. उन्होंने इस वीडियो की शुरुआत करते हुए कहा कि कई लोगों ने उन्हें इस मामले पर बात न करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्हें बोलना जरूरी लगा. माही ने कहा, ‘जो लोग हमारे बारे में जानते हैं, उन्हें ये सब बकवास लग रहा है. सिर्फ इसलिए कि हमने बिना किसी कॉन्ट्रोवर्सी के तलाक ले लिया है, आप लोगों को यह हजम नहीं हो रहा. आपको गंदगी चाहिए.’
‘आप लोग नर्क जाओगे…’
माही ने वीडियो में आगे कहा, ‘नदीम मेरा सबसे अच्छा दोस्त है और हमेशा मेरा सबसे अच्छा दोस्त ही रहेगा. आपने ‘अब्बा’ शब्द को गंदा कर दिया है. आप पर शर्म आती है…आप लोगों पर थू है जो मेरे और नदीम के बारे में ऐसी घटिया बातें लिख रहे हैं. यह सिर्फ मेरे बारे में नहीं है, इतने सारे लोग हैं जो उसकी इज्जत करते हैं. आप इतने नीचे के लेवल पर जा कर गंदगी कैसे बोल सकते हैं.’ वहीं एक्ट्रेस ने आगे सवाल करते हुए कहा कि क्या आप सबसे अच्छे दोस्तों से कभी ‘आई लव यू’ नहीं कहते और आगे उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोगों के लिए नर्क ज्यादा दूर नहीं है, ऐसे लोगों को कर्मा यहीं भुगत के जाना है, जो किसी भी रिश्ते या लड़की के बारे में गंदा बोल रहे हैं.’ माही ने इस वीडियो में जमकर अपना गुस्सा जाहिर किया.
