बॉलीवुड के जाने-माने फिल्ममेकर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट काफी लंबे समय से करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले फंसे हुए हैं. वहीं इस मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने फिर से दोनों की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है. विक्रम भट्ट- श्वेतांबरी भट्ट पिछली साल दिसंबर से जेल में बंद हैं, याचिका खारिज होने के बाद दोनों को बहुत बड़ा झटका लगा है. वहीं उनके साथी सह-आरोपी मेहबूब अंसारी की जमानत याचिका को भी कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया है. कोर्ट की अनुसार फिलहाल जांच जारी है और इस केस में अभी बेल देना सही नहीं होगा.
जमानत हुई खारिज
राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश ने विक्रम भट्ट के इस केस की सुनवाई की थी, जहां जनसेवा वकील ने जमानत याचिकाओं का विरोध भी किया. उन्होंने कोर्ट में बताया कि धोखाधड़ी की जांच फिलहाल जारी है और कई अहम पहलुओं पर जांच बाकी है. वकील ने तो ये तक दावा किया कि अगर इस केस में ऐसे समय में जमानत मिलती है तो आरोपी गवाहों पर दबाव बनाया जा सकता है, जिससे केस पर बुरा असर पड़ सकता है.
डायरेक्टर ने बनवाए फर्जी बिल
विक्रम भट्ट के केस में जांच के दौरान राजस्थान पुलिस ने पाया की डायरेक्टर और उनकी पत्नी ने अलग-अलग फर्जी नामों बिल बनवाए थे. इन बिलों के बाद ही शिकायतकर्ता से अलग-अलग खातों में कुल 4 करोड़ 23 लाख 13 हजार 424 रुपये ट्रांसफर भी कराए गए. बाद में आरोपियों के खातों में ये पैसा भेजा गया. सरकारी वकील के अनुसार, इसमें से 1 करोड़ 65 लाख 69 हजार 955 रुपये तो आरोपियों ने कर्ज चुकाने में लगा दिए. आपको बता दें कि सरकारी वकील ने बताया कि सह-आरोपी मेहबूब अंसारी जांच में काफी एक्टिव रहे. वहीं खबरों के मुताबिक, आरोपी गवाहों को बहलाने और बयान बदलने की कोशिशों में जुटे हैं. जिसके चलते हाईकोर्ट ने सभी आरोपियों की जमानत याचिकाओं को खारिज करने का फैसला किया.
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि ये मामला राजस्थान की इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक अजय मुर्डिया से संबंधित है. उन्होंने विक्रम भट्ट के साथ एक फिल्म बनाने के लिए 42 करोड़ रुपये देने की बात की थी. बाद में मुर्डिया ने आरोप लगाया कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है. 17 नवंबर को उदयपुर में विक्रम भट्ट सहित 8 लोगों के खिलाफ उन्होंने FIR दर्ज कराई थी. इसके बाद उदयपुर पुलिस ने पहले विक्रम भट्ट के को-प्रोड्यूसर मेहबूब अंसारी और कथित फर्जी वेंडर संदीप को मुंबई से गिरफ्तार किया. 7 दिसंबर को मुंबई स्थित फ्लैट से विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी को भी गिरफ्तार किया गया.
