Farah Khan Vlog: एक्टर और कॉमेडियन वीर दास आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ से डायरेक्शन में डेब्यू करने जा रहे हैं. यह डायरेक्टर के तौर पर इस बैनर के साथ उनका पहला कोलैबरेशन है, लेकिन आमिर के साथ यह उनका पहला जुड़ाव नहीं है. हाल ही में वीर दास को फराह खान के व्लॉग में देखा गया. फराह वीर दास के घर पहुंची थीं. वहां उन्होंने वीर दास के साथ बातें की. इस दौरान फराह ने बताया कि आमिर खान ने फिल्म देली बेली से वीर दास का रोल काट दिया था. वीर दास इन दिनों अपकमिंग फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं.
वीर के डांस की फराह ने की तारीफ
व्लॉग में फराह खान ने वीर के डांस की तारीफ करते हुए उन्हें अच्छा डांसर बताया. उन्होंने कहा ‘वीर बहुत अच्छे डांसर थे. आमिर ने वो देखा और जलन के मारे हमारा गाना ‘जा चुड़ैल’ आधा कट कर दिया था. क्योंकि उसके बाद उसका गाना आने वाला था’ फराह खान की ये बात सुनकर वीर हंसने लगे. उन्होंने अपना वर्जन बताते हुए कहा कि ‘मुझको बोला गया कि एक पेसिंग इश्यू था.’ इस पर फराह खान ने कहा ‘जरूर.’ इसके बाद वीर दास ने बताया कि फराह खान के साथ काम करना बहुत स्वीट था. वीर ने बताया कि उनका पीनट बटर के जरिए बॉन्ड बना था. फराह संग उनका बॉन्ड काफी अच्छा रहा. उन्होंने साथ में काफी मस्ती की. फिल्म ओम शांति ओम का उनके ऊपर काफी इंफ्लुएंस है.
फिल्म के बारे में फराह खान ने की बात
फराह खान ने वीर दास से बातचीत के दौरान फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ के बारे में भी बात की. फिल्म के बारे में बात करते हुए, वीर ने बताया कि उन्होंने फराह की 2008 की ब्लॉकबस्टर ओम शांति ओम से कई रेफरेंस लिए हैं, जिसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण थे. उन्होंने कहा, ‘जिसे भी ओम शांति ओम पसंद है, उसे यह भी पसंद आएगी.’ उन्होंने हैप्पी पटेल की तुलना फराह की तीस मार खान से भी की, जिसमें अक्षय कुमार थे और कहा ‘यह तीस मार खान जैसी एक टॉप स्पूफ फिल्म है.’ वीर दास ने आगे कहा कि वह हैप्पी पटेल को सलमान खान और आमिर खान की कल्ट क्लासिक अंदाज ‘अपना अपना’ जैसी ही कैटेगरी में रखते हैं. यह सुनकर फराह ने उन्हें हैरान करते हुए कहा ‘जब मैंने उस समय अंदाज अपना अपना देखी थी, तो मुझे पता था कि यह बहुत बड़ी फ्लॉप होगी और सच में ऐसा ही हुआ.’
इस दिन रिलीज हो रही ‘हैप्पी पटेल’
वहीं फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ की बात करें तो इस फिल्म में वीर दास लीड रोल में नजर आ रहे हैं. फिल्म में मोना सिंह. शारिब हाशमी और मिथिला पालकर अहम रोल में हैं. फिल्म में इमरान खान भी नजर आएंगे. इस फिल्म को वीर डायरेक्ट कर रहे हैं. वीर हैप्पी पटेल के साथ डायरेक्शन में कदम रखने जा रहे हैं. हैप्पी पटेल सिनेमाघरों में 16 जनवरी को दस्तक देने वाली है. फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी बज बना हुआ है. आमिर खान खुद भी इस फिल्म को प्रमोट कर रहे हैं.
