
)
India Famous Director Sandeep Reddy Vanga: इस डायरेक्टर की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. पहली फिल्म बनाने का सपना था, लेकिन रास्ते में सबसे बड़ी दीवार पैसे की खड़ी हो गई. हालात इतने मुश्किल हो गए कि परिवार को अपनी सालों पुरानी पैतृक संपत्ति तक बेचनी पड़ी. आम का हरा-भरा बाग, जो परिवार की पहचान था, उसी को बेचकर फिल्म का सपना जिंदा रखा गया. ये जोखिम आसान नहीं था, लेकिन परिवार ने एकजुट होकर फैसला लिया.
आज वही डायरेक्टर तीन फिल्में बना चुका है और तीनों ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा. हम बात कर रहे हैं 43 साल के संदीप रेड्डी वांगा की. उनका सफर बताता है कि सक्सेस अचानक नहीं मिलती. 2017 में आई उनकी पहली फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ ने तेलुगु सिनेमा में तहलका मचा दिया था. फिल्म शुरुआत से ही चर्चा थी, लेकिन इसके पीछे संघर्ष की लंबी कहानी छुपी हुई थी. संदीप का विजन साफ था, लेकिन इंडस्ट्री में नए होने की वजह से उन्हें आसानी से भरोसा नहीं मिला.
पहली फिल्म के लिए नहीं था जेब में पैसा
इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और फिल्म को हर हाल में पूरा करने का फैसला किया. जब ‘अर्जुन रेड्डी’ की शूटिंग शुरू होने वाली थी, तभी शुरुआती फाइनेंसर पीछे हट गए. फिल्म का बजट करीब 4 से 5 करोड़ रुपये था, लेकिन अचानक फंड रुक गया. उस वक्त हालात इतने खराब थे कि फिल्म बंद होने की कगार पर पहुंच गई. ऐसे समय में संदीप के परिवार ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी उठाई. वारंगल के पास स्थित उनकी 36 एकड़ का आम का बाग बेच दिया.
2025 की आखिरी रोमांटिक फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रहा पहला दिन, 90 करोड़ के बजट में ओपनिंग डे पर छापे इतने करोड़
परिवार को बेचना पड़ा था अपना आम का बाग
इस सौदे से करीब डेढ़ करोड़ रुपये जुटाए गए, जिससे फिल्म की शूटिंग आगे बढ़ सकी. इस पूरे संघर्ष का खुलासा एक्टर सिद्धांत कर्निक ने एक इंटरव्यू में किया था. उन्होंने बताया था कि संदीप के भाई प्रणय रेड्डी वांगा ने उन्हें ये कहानी सुनाई थी. फाइनेंसर के हटने के बाद पूरा परिवार एक साथ खड़ा हुआ. प्रणय ने अमेरिका में अपनी आईटी जॉब छोड़ दी और भारत लौट आए. उन्होंने प्रोडक्शन की जिम्मेदारी संभाली और भाई के सपने को पूरा करने में जुट गए. परिवार ने अपना पैसा लगाया.
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास
भरोसे के साथ फिल्म बनाई, जो आगे चलकर मिसाल बन गई. परिवार का ये त्याग बेकार नहीं गया. महज 4-5 करोड़ के बजट में बनी ‘अर्जुन रेड्डी’ ने दुनियाभर में 51 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. इसके बाद इसी फिल्म को हिंदी में ‘कबीर सिंह’ के नाम से बनाया गया. शाहिद कपूर स्टारर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रिकॉर्ड बनाए और उनके करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हुई. संदीप अब सिर्फ एक डायरेक्टर की नहीं, बल्कि जुनून और जिद की पहचान बन चुके हैं.
3 फिल्मों से 1350 करोड़ कमा चुके वांगा
2023 में रणबीर कपूर के साथ आई ‘एनिमल’ ने संदीप रेड्डी वांगा को वर्ल्डवाइड पहचान दिलाई. फिल्म भले ही विवादों में रही, लेकिन कमाई के मामले में इसने 900 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार किया. कुल मिलाकर संदीप की तीन फिल्मों ने करीब 1350 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है. अब उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर भी जबरदस्त चर्चा है. प्रभास के साथ ‘स्पिरिट’ और अल्लू अर्जुन के साथ नया प्रोजेक्ट उनके करियर के अगले बड़े पड़ाव माने जा रहे हैं.
