)
मुंबई में आयोजित मैराथन में आमिर खान अपनी बेटी इरा खान, एक्स वाइफ किरण राव और एक्टर डिनो मोरिया के साथ दिखाई दिए. जहां उन्होंने अपने लाखों यंग फैंस के लिए कुछ हेल्थ टिप्स और फिटनेस मंत्र को शेयर किया. आमिर खान ने प्रोग्राम के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मुझे यहां आकर बेहद मजा आ रहा है और जो उत्साह दिव्यांगजनों और सीनियर सिटीजन में देखने को मिला, वह काबिले-तारीफ है. जिस जुनून के साथ लोग इस मैराथन में हिस्सा लेते हैं, वो मुझे हर साल यहां आने के लिए इंस्पायर करता है.’ उन्होंने बताया कि मैराथन में आने के लिए उनकी बेटी इरा खान ने जोर दिया, लेकिन अब वह खुद महसूस कर रहे हैं कि यह फैसला बिल्कुल सही था.
आमिर खान का मंत्र
आमिर खान ने फिटनेस को लेकर भी खुलकर बात की और अपना फिटनेस मंत्र को शेयर करते हुए उन्होंने कहा, ‘फिटनेस का सबसे पहला और सबसे अहम नियम ‘डाइट’ है. इंसान वही होता है जो वह खाता है, इसलिए यह बहुत जरूरी है कि हम अपने खाने को लेकर जागरुक रहें. इसके बाद दूसरे नंबर पर नींद सबसे जरूरी है. सेहतमंद रहने के लिए रोजाना 8 घंटे की नींद बेहद जरूरी है.’
मिस्टर परफेक्शनिस्ट ने दिए टिप्स
मिस्टर परफेक्शनिस्ट ने आगे कहा, ‘वर्कआउट तीसरे नंबर पर आता है.अगर सही डाइट और पूरी नींद नहीं है, तो सिर्फ एक्सरसाइज से फिट नहीं रहा जा सकता.’ इस मैराथन में आमिर खान की बेटी इरा खान भी शामिल रहीं, जो मेंटल हेल्थ को लेकर लगातार काम कर रही हैं. इरा ने पहले भी कई बार कहा है कि फिटनेस सिर्फ शरीर तक सीमित नहीं है, बल्कि मेंटल हेल्थ उससे गहराई से जुड़ी हुई है.
किरण राव भी बनीं मैराथन का हिस्सा
फिल्ममेकर किरण राव ने इस मैराथन को एक ऐसे मंच के रूप में देखा, जो हर उम्र के लोगों को साथ लाता है. उन्होंने कहा कि यही इस मैराथन की सबसे बड़ी खूबी है कि इसमें प्रोफेशनल रनर से लेकर पहली बार हिस्सा लेने वाले लोग, दिव्यांग, और सीनियर सिटीजन सब एक साथ नजर आते हैं. आमिर खान की फैमिली के साथ एक्टर डिनो मोरिया भी नजर आए थे, जो कि फिटनेस के लिए रोल मॉडल माने जाते हैं. बात करें आमिर खान की वर्कफ्रंट की तो फिल्में तो नहीं, एक्टर इन दिनों अपनी प्रोडक्शन की फिल्मों में बिजी है. उनके प्रोडक्शन में बनीं फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ रिलीज हो चुकी है और अच्छी कमाई कर रही है. वहीं उनके बड़े बेटे जुनैद खान की अपकमिंग रिलीज ‘एक दिन’ पर भी वो फोकस कर रहे हैं.
