
)
Dhurandhar Box Office Collection Day 28: रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तूफान मचाया, जो थमने का नाम नहीं ले रहा. सिर्फ भारत ही नहीं, दुनियाभर में इसकी गूंज सुनाई दे रही है. आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी इस स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में नजर आ रहे हैं. ये फिल्म 2025 की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है, जो चौथे हफ्ते में भी शानदार कमाई कर रही है. इतना ही नहीं, इस फिल्म के आगे दूसरी फिल्मों का टिकना भारी पड़ रहा है.
‘धुरंधर’ की सबसे बड़ी खासियत बॉक्स ऑफिस पर इसकी शानदार पकड़ है. फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 25 दिनों तक लगातार डबल डिजिट कलेक्शन किया है, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. पहले हफ्ते फिल्म ने 207.25 करोड़ रुपये कमाए. इसके बाद दूसरे हफ्ते में कलेक्शन और बढ़ते हुए 253.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. तीसरे हफ्ते में भी फिल्म ने रफ्तार बनाए रखी और 172 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे साफ हो गया कि दर्शकों का क्रेज अभी खत्म नहीं हुआ है.
पिछले 28 दिनों से इतिहास रच रही ‘धुरंधर’
इन आंकड़ों के साथ ‘धुरंधर’ भारत में 700 करोड़ रुपये का आंकड़ा आसानी से पार कर चुकी है. सिनेमाघरों में अब भी दर्शकों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है. ट्रेड एक्सपर्ट्स मानते हैं कि फिल्म का ग्रैंड स्केल, दमदार एक्शन और मौजूदा हालात से जुड़ी कहानी ने इसे आम दर्शकों से मजबूत कनेक्शन दिलाया है. भले ही क्रिटिक्स की राय बंटी हुई हो, लेकिन दर्शकों के पॉजिटिव रिएक्शन ने फिल्म को जबरदस्त ब्लॉकबस्टर बना दिया है. 28वें दिन फिल्म ने 15.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.
निधन के 39 दिन बाद रिलीज हुई धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म, नए साल के पहले दिन की बंपर ओपनिंग, ‘धुरंधर’ की आंधी को दे रही टक्कर
28 दिन में तोड़े 5 सबसे बड़े रिकॉर्ड
इसी के साथ फिल्म की टोटल कमाई 739 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. दुनियाभर में ‘धुरंधर’ की कमाई 1100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है और अभी भी रफ्तार थमी नहीं है. 28 दिनों में ‘धुरंधर’ 5 बड़े रिकॉर्ड तोड़े. ये पहली हिंदी फिल्म बनी जिसने लगातार 28 दिनों तक 10 करोड़ से ज्यादा कमाई की, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 739.8 करोड़ नेट कमाई कर 700 करोड़ क्लब में एंट्री की, वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ से ऊपर जाकर 2025 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनी. साथ ही नॉर्थ अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी.
2026 मार्च में रिलीज होगा दूसरा पार्ट
इसके अलावा 28 दिनों में इस फिल्म ने ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए. ‘धुरंधर’ को 2 पार्ट्स में बांटा गया गै. कहानी एक भारतीय खुफिया अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कराची के अपराध और राजनीति की खतरनाक दुनिया में घुसपैठ करता है. फिल्म की कहानी में कई असल घटनाओं के संकेत मिलते हैं, जैसे 1999 का IC-814 हाईजैक, 2001 संसद हमला, 2008 मुंबई आतंकी हमला और ऑपरेशन लियारी से जुड़े संदर्भ. फिल्म का दूसरा भाग 19 मार्च 2026 को रिलीज होगी.
फिल्म में नजर आ रही दमदार स्टारकास्ट
वहीं, अगर फिल्म में नजर आ रही दमदार स्टारकास्ट की बात करें तो तो वो फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है. फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और संजय दत्त जैसे दमदार कलाकार अहम किरदारों में नजर आते हैं. इसके अलावा राकेश बेदी, सारा अर्जुन और डैनिश पंडोर ने भी अपनी भूमिकाओं से कहानी को मजबूती दी है. क्रिटिक्स की मिली-जुली राय के बावजूद दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बनी रही, जिसने इसके कलेक्शन को लगातार ऊंचाई पर बनाए रखा.
