News in Brief

नई दिल्ली: टीवी जगत की मशहूर जोड़ी निशा रावल और करण मेहरा की लड़ाई अब मीडिया के सामने आ गई है. निशा रावल ने भी दुनिया के सामने आकर लोगों को अपने रिश्ते का सच बताया. इस दौरान निशा के माथे पर चोट साफ दिखाई दी. 

हाथ उठाने के बाद करवाई कंप्लेंट

31 मई को देर रात निशा रावल ने गोरेगांव पुलिस स्टेशन में करण मेहरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने करण पर उनके साथ मारपीट करने का इल्जाम लगाया था. निशा का कहना था कि करण उनके साथ बदतमीजी करते थे और खरी-खोटी सुनाते थे. बात ज्यादा आगे बढ़ने के बाद जब करण ने एक्ट्रेस पर हाथ उठाया तो उन्होंने पुलिस कंप्लेंट दर्ज कराना सही समझा. 

मीडिया से की बातचीत

निशा रावल ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि करण ने उन पर कई बार हाथ उठाया है, ये उनके लिए बेहद मामूली सी बात है. निशा के मुताबिक कई बार करण ने घूंसा मारा है और उसके कारण उनके चेहरे पर निशान भी आए हैं. ये पूछे जाने पर कि वो ये सब इतने समय से क्यों झेल रही थीं? निशा ने बताया क्योंकि वो करण से प्यार करती थीं… उन्होंने कहा – ‘मैं आज भी उससे प्यार करती हूं… मैं मूर्ख थी, ये सब मेरे मुंह पर तमाचा है क्योंकि मैं उससे अलग होने के लिए तैयार नहीं थी’. ये बताते हुए निशा रो पड़ती हैं.

चरित्र पर लगाए आरोप

निशा ने बातचीत के दौरान करण पर बेवफाई के आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा- ‘मैं अपने बच्चे के लिए ऐसा पिता नहीं चाहती हूं. अगर आपका किसी के साथ कुछ है तो बोल दो हम कुछ हल निकाल लेंगे. आपको ये सब इतना गंदा बनाने कि क्या जरूरत है?’… निशा ने कहा- ‘कल मैंने उसे बहुत सुनाया कि तुम अच्छे आदमी नहीं हो इस वजह से उसे गुस्सा आया और वो कमरे के बाहर जाने लगा, उसी दौरान उसके मेरा सिर पकड़ा और दीवार में पटक दिया. शायद उसको भी नहीं पता था ऐसा कुछ होगा कि मैं ये कदम उठाऊंगी, उसने मेरा गला पकड़ा. मैंने उससे पूछा कि तुम मुझसे इतनी नफरत क्यों करते हो?’

31 मई को करण को किया गया था गिरफ्तार

आपको बता दें,  31 मई को करण को गिरफ्तार किया गया था और 1 जून को उन्हें जमानत मिल गई है. दोनों की शादी की कॉन्ट्रोवर्सी तेजी से सुर्खियां बटोर रही है.  अब निशा रावल हाल ही में अपने घर के बाहर मीडिया से रूबरू हुईं. सोशल मीडिया पर निशा की फोटोज सामने आई हैं, जिसमें उनके माथे पर चोट लगी साफ नजर आ रही है. मीडिया संग बातचीत करने और पूरा मामले बताते हुए निशा रावल रोती भी नजर आईं. माथे पर बैंडेज लगी नजर आ रही है.