News in Brief

Assi Opening Day Collection: इस साल बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी और मोस्ट अवेटेड फिल्में रिलीज हुईं. कुछ फिल्मों ने शानदार परफॉर्म करते हुए ताबड़तोड़ कमाई की, जबकि कुछ बड़े सितारों के बावजूद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में असफल रहीं. इसी बीच हाल ही में रिलीज हुई एक और हाई बजट फिल्म पहले ही दिन बेहद कमजोर साबित हुई और करोड़ों की लागत के बावजूद सिर्फ लाखों में सिमटकर रह गई. हम यहां तापसी पन्नू की नई फिल्म ‘अस्सी’ की बात कर रहे हैं. 

ये फिल्म 20 फरवरी, शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जिसकी शुरुआत काफी धीमी रही. अनुभव सिन्हा के डायरेक्शन में बनी ये कोर्टरूम ड्रामा इस शुक्रवार रिलीज हुई, लेकिन पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं छोड़ पाई. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 0.95 करोड़ रुपये नेट कमाए. ये ओपनिंग यामी गौतम की फिल्म ‘हक’ से भी कम रही, जिसने रिलीज के दिन 1.75 करोड़ रुपये कमाए थे.

‘हक’ को भी पछाड़ नहीं पाई ‘अस्सी’

‘हक’ ने अपने पूरे रन में भारत में 19.86 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं ‘अस्सी’ की ओपनिंग ऑक्यूपेंसी भी काफी कम रही. सुबह के शो में फिल्म को सिर्फ 3.88 परसेंट दर्शक मिले. दोपहर में ये आंकड़ा बढ़कर 7.24 परसेंट हो गया और शाम तक 6.92 परसेंट तक पहुंच गया. ज्यादातर सर्किट में फिल्म की रफ्तार धीमी रही, लेकिन चेन्नई में लगभग 20 परसेंट ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई, जो बाकी शहरों से बेहतर रही. फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है. 

शादी के 12 साल बाद घर में गूंजेगी किलकारी? कपल की चुप्पी ने बढ़ाया सस्पेंस, सच जानने को बेताब फैंस

बहुत धीमी रही ‘अस्सी’ की शुरुआत 

कहानी एक सेंसिटिव मुद्दे पर आधारित है, इसलिए अब फिल्म की आगे की कमाई काफी हद तक पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करेगी. मेकर्स को उम्मीद है कि वीकेंड पर दर्शकों की संख्या बढ़ेगी. अगर लोगों के बीच फिल्म को लेकर चर्चा बढ़ती है तो शनिवार और रविवार को कलेक्शन में उछाल देखने को मिल सकता है. ‘अस्सी’ को भूषण कुमार, कृष्ण कुमार और अनुभव सिन्हा ने बेनारस मीडिया वर्क्स और टी-सीरीज फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. 

फिल्म में नजर आ रहे कई बड़े चेहरे

फिल्म में तापसी पन्नू के साथ कनी कुसरुति, रेवती और मोहम्मद जीशान अय्यूब जैसे कलाकार लीड रोल में नजर आ रहे हैं. ये तापसी और अनुभव की तीसरी साथ में फिल्म है. इससे पहले दोनों थप्पड़ और मुल्क जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा था. फिल्म का नाम ‘अस्सी’ दरअसल उस औसत संख्या की ओर इशारा करता है, जो भारत में रोज दर्ज होने वाले रेप मामलों को बताती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर दिन करीब 80 मामले दर्ज होते हैं. 

फिल्म के बारे में क्या बोले अनुभव सिन्हा?

अनुभव सिन्हा ने पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘ये रोज दर्ज होने वाले मामलों की संख्या है. जो मामले छिपे रह जाते हैं, उनकी कोई गिनती नहीं है. जब हमने ये आंकड़ा निकाला तो हम खुद चौंक गए, क्योंकि हर 18 से 20 मिनट में ऐसी घटना हो रही होती है’. उन्होंने आगे कहा, ‘मैं इस मुद्दे को लेकर अंदर ही अंदर संघर्ष कर रहा था. सोचता था कि हम क्या कर सकते हैं. क्या पुलिस कुछ नहीं कर रही. क्या न्याय व्यवस्था कमजोर है. फिर महसूस हुआ कि सिर्फ सिस्टम को दोष देना आसान है, खुद से सवाल करना मुश्किल. यह फिल्म उसी अंदरूनी द्वंद्व के दौरान लिखी गई’.