बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी रविवार को शादी की 20वीं सालगिरह सेलिब्रेट कर रही हैं. इस खास दिन पर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी शादी से जुड़ी अनदेखी यादें साझा कीं. रिद्धिमा कपूर ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह के मौके पर एक पुराना वीडियो साझा किया. वीडियो में वह मंडप की ओर बढ़ती नजर आ रही हैं. इस दौरान उनके साथ उनके भाई रणबीर कपूर भी चलते नजर आ रहे हैं. वीडियो में शादी की रस्मों के साथ-साथ उस समय का भावनात्मक माहौल भी साफ महसूस किया जा सकता है.
रिद्धिमा कपूर ने शेयर किया पोस्ट
इस वीडियो के साथ रिद्धिमा कपूर ने दिल को छू लेने वाला संदेश भी लिखा. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”20 साल पहले माता-पिता ऋषि कपूर और नीतू कपूर ने मेरा हाथ पकड़कर मुझे एक नई जिंदगी में कदम रखने के लिए विदा किया था. उन्होंने अपने प्यार, आशीर्वाद और दुआओं के साथ नए सफर पर भेजा. आज मेरी जिंदगी में जो कुछ भी है, उसकी नींव उनके संस्कार, प्यार और समर्थन से ही पड़ी है.”
रिद्धिमा ने पोस्ट में अपने दिवंगत पिता ऋषि कपूर को भी याद किया और कहा, ”माता-पिता का आशीर्वाद आज भी मेरे जीवन का सबसे मजबूत सहारा है. मेरे जीवन की शुरुआत, उनकी सोच और उनकी खुशियों की जड़ें उनके माता-पिता से ही जुड़ी हुई हैं.”
अपने पति भरत साहनी के लिए भावनाएं व्यक्त करते हुए रिद्धिमा ने लिखा, ”भरत सिर्फ मेरे पति ही नहीं, बल्कि हर दौर में साथ खड़े रहने वाले साथी भी हैं. उन्होंने हर परिस्थिति में मेरा हाथ थामा, मुझे संभाला और मेरे साथ मिलकर एक खूबसूरत जीवन बनाया. उन्हीं की वजह से मेरा सफर इतना अर्थपूर्ण और प्यार से भरा हुआ है.”
20वीं सालगिरह पर पिता को किया याद
रिद्धिमा ने कहा, ”इतने साल बीत जाने के बाद भी जो पल हमने साथ मिलकर बनाए, वह आज भी मेरे चेहरे पर वही मुस्कान ले आती है, जो शादी के शुरुआती दिनों में आती थी. 20 साल बाद भी मैं हर दिन आपको चुनती हूं. मेरा रिश्ता समय के साथ और मजबूत होता जा रहा है.”
अपने पोस्ट के आखिर में रिद्धिमा ने लिखा, ”यह प्यार, विकास और साथ निभाने के 20 साल हैं. मेरे पति भरत साहनी को सालगिरह की शुभकामनाएं.”
रिद्धिमा कपूर ने साल 2006 में दिल्ली के कारोबारी भरत साहनी से शादी की थी. दोनों की एक बेटी है, समारा साहनी, जिसका जन्म 2011 में हुआ था. रिद्धिमा अक्सर अपनी बेटी और परिवार के साथ बिताए पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं.
