
सिनेमाघरों में इस समय दो ऐसी फिल्में स्क्रीन पर धमाल मचा रही हैं, जिसमें आपको लाइट कॉमेडी के साथ-साथ इंटेंस ड्रामा भी देखने को मिलेगा. दोनों ही फिल्में 16 जनवरी को रिलीज हुई और शुरुआत से ही इनके बीच बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर देखने को मिल रही है. हालांकि, वीकेंड खत्म होते-होते साफ हो गया कि दोनों फिल्मों की कमाई लगभग बराबरी की रहने वाली है. लेकिन मामूली बढ़त से ‘राहु केतु’ इस समय आगे है. तीन दिन में दोनों फिल्मों ने चार करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया.
‘हैप्पी पटेल’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
आमिर खान की प्रोडक्शन में बनाई गई फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की. फिल्म की ओपनिंग 1.25 करोड़ रुपए के साथ हुई. दूसरे दिन दर्शकों की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी हुई और फिल्म ने करीब 1.60 करोड़ रुपए की कमाई की. हालांकि, तीसरे दिन यानी रविवार को इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई और फिल्म लगभग 1.50 करोड़ रुपए ही कमा सकी. इस तरह तीन दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 4.35 करोड़ रुपए तक पहुंच गया.
‘हैप्पी पटेल’ की कहानी
इस फिल्म में वीर दास मुख्य भूमिका में नजर आए हैं और उन्होंने ही फिल्म का निर्देशन भी किया है. कहानी एक आम से दिखने वाले आदमी हैप्पी पटेल की है, जो हालात के चलते एक खतरनाक जासूस बन जाता है. फिल्म में कॉमेडी के साथ-साथ हल्का सा एक्शन और इमोशन भी देखने को मिलता है. वहीं दूसरी ओर, पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की ‘राहु केतु’ ने बॉक्स ऑफिस पर थोड़ी बेहतर पकड़ बनाई.
‘राहु केतु’ ने ऑडियंस को किया इंप्रेस
फिल्म ‘राहु केतु’ ने पहले दिन 1 करोड़ रुपए की कमाई की थी, लेकिन दूसरे दिन फिल्म को लेकर लोगों में एक्साइटमेंट और कलेक्शन बढ़कर 1.65 करोड़ रुपए तक पहुंच गया. रविवार को भी फिल्म ने अपनी रफ्तार बनाए रखी और लगभग 1.75 करोड़ रुपए का कारोबार किया. इस तरह तीन दिनों में ‘राहु केतु’ ने कुल 4.40 करोड़ रुपए कमा लिए. फिल्म में पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की जोड़ी एक बार फिर कॉमेडी करते नजर आई है, जिसे दर्शक पहले भी पसंद कर चुके हैं.
